विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

शादी का झांसा देकर 4 साल तक यौन शोषण का आरोप, पटना AIIMS के पूर्व जूनियर डॉक्टर पर FIR; गर्भपात और जान से मारने की धमकी

By syed naqui imamEdited By: Radha Krishna
Published: Fri, 20 Nov 2026 08:54 PM (GMT+05:30)

पटना एम्स के एक पूर्व जूनियर डॉक्टर पर शादी का झांसा देकर चार साल तक यौन शोषण करने का आरोप लगा है। पीड़िता की शिकायत पर फुलवारी शरीफ थाने में एफआईआर दर्ज की गई है, जिसमें दुष्कर्म, गर्भपात और जान से मारने की धमकी जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं।

अलग-अलग होटलों में बुलाकर शारीरिक संबंध बनाने का आरोप

अलग-अलग होटलों में बुलाकर शारीरिक संबंध बनाने का आरोप

HighLights

  1. पटना एम्स के पूर्व डॉक्टर पर यौन शोषण का आरोप।

  2. शादी का झांसा देकर दुष्कर्म और गर्भपात कराने का आरोप।

  3. पीड़िता की शिकायत पर फुलवारी शरीफ थाने में एफआईआर।

संवाद सूत्र, फुलवारी शरीफ(पटना)। पटना एम्स के सर्जरी विभाग में पूर्व में कार्यरत एक जूनियर रेजिडेंट डॉक्टर पर शादी का झांसा देकर चार साल तक यौन शोषण करने का आरोप लगा है। युवती ने डॉक्टर पर नशीला पदार्थ देकर दुष्कर्म करने, गर्भवती होने पर गर्भपात कराने और शादी से इनकार करने के बाद जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर फुलवारी शरीफ थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हाथ जलने के इलाज के दौरान हुई थी डॉक्टर से पहचान

पीड़िता के अनुसार, वर्ष 2022 में हाथ जलने के बाद प्लास्टिक सर्जरी कराने वह पटना एम्स पहुंची थी। इसी दौरान सर्जरी विभाग में कार्यरत डॉक्टर से उसकी पहचान हुई। आरोप है कि दिसंबर 2022 में डॉक्टर ने चाय पिलाने के बहाने उसे एम्स परिसर स्थित ब्वायज हॉस्टल के कमरा नंबर 313 में बुलाया।

चाय पिलाने के बहाने हॉस्टल बुलाया, नशीला पदार्थ देने का आरोप

युवती का आरोप है कि हॉस्टल के कमरे में उसे नशीला पदार्थ खिलाकर दुष्कर्म किया गया। विरोध करने पर डॉक्टर ने शादी करने का भरोसा दिया और इस बारे में किसी को नहीं बताने को कहा। पीड़िता के मुताबिक, शादी का आश्वासन देकर डॉक्टर ने उसका भरोसा बनाए रखा।

अलग-अलग होटलों में बुलाकर शारीरिक संबंध बनाने का आरोप

पीड़िता ने शिकायत में बताया है कि इसके बाद डॉक्टर शादी का झांसा देकर पटना के अलग-अलग होटलों में बुलाते रहे और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाते रहे। इसी दौरान वह गर्भवती हो गई। आरोप है कि डॉक्टर ने उसका गर्भपात करा दिया। बाद में जब युवती ने शादी का दबाव बनाया तो डॉक्टर ने शादी करने से इनकार कर दिया।

पत्नी के साथ घर पहुंचने और परिवार को धमकाने का आरोप

शिकायत के अनुसार, 30 मई 2026 को डॉक्टर अपनी पत्नी के साथ युवती के घर पहुंचे थे। युवती का आरोप है कि जब उसने पूरे मामले को सार्वजनिक करने और शादी की बात उठाई तो डॉक्टर ने परिवार समेत जान से मारने की धमकी दी।

दानापुर जाते समय ऑटो में हत्या की कोशिश का दावा

पीड़िता ने 26 अक्टूबर 2026 की एक अन्य घटना का भी जिक्र किया है। उसका आरोप है कि दानापुर जाने के दौरान ऑटो में उसकी हत्या करने की कोशिश की गई। हालांकि, भीड़ के कारण वह किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से भाग निकली।

जहानाबाद के अस्पताल में स्थानांतरित हो चुके हैं डॉक्टर

आरोपी डॉक्टर का पक्ष जानने के लिए फोन किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका। वहीं, एम्स के सर्जरी विभाग की प्रभारी डॉ. वीणा सिंह ने बताया कि संबंधित डॉक्टर पहले एम्स में कार्यरत थे। अब उनका स्थानांतरण जहानाबाद के एक अस्पताल में हो चुका है। उन्होंने मामले की जानकारी होने से अनभिज्ञता जताई।

पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी, आरोपों की जांच शुरू

फुलवारी शरीफ पुलिस का कहना है कि युवती की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले से जुड़े सभी आरोपों की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।