विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

छठ से पहले पटना के 24 घाटों पर सख्ती, अतिक्रमण हटेगा; खतरनाक स्थलों पर होगी घेराबंदी

Published: Sun, 08 Nov 2026 04:19 PM (IST)

पटना में छठ महापर्व 2026 की तैयारियों को लेकर गंगा घाटों का निरीक्षण किया गया। नगर आयुक्त यशपाल मीणा ने ...और पढ़ें

छठ से पहले घाटों पर पहुंचा प्रशासन, 24 गंगा घाटों का लिया जायजा

छठ से पहले घाटों पर पहुंचा प्रशासन, 24 गंगा घाटों का लिया जायजा

HighLights

  1. नगर आयुक्त ने 24 गंगा घाटों का निरीक्षण किया।

  2. घाटों से अतिक्रमण हटाने और साफ-सफाई के निर्देश।

  3. खतरनाक स्थलों पर लाल कपड़े से होगी बैरिकेडिंग।

जागरण संवाददाता,पटना। छठ महापर्व 2026 को लेकर पटना में गंगा घाटों की तैयारियां तेज हो गई हैं। नगर आयुक्त यशपाल मीणा ने रविवार को चार अंचलों के 24 गंगा घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान घाटों पर अतिक्रमण देखकर उसे तत्काल हटाने का निर्देश दिया गया। सफाई, सौंदर्यीकरण, रास्तों की मरम्मत और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं।

छठ से पहले घाटों पर पहुंचा प्रशासन, 24 गंगा घाटों का लिया जायजा

लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर पटना में प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। व्रतियों और श्रद्धालुओं को घाटों पर किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए नगर निगम ने कमर कस ली है। रविवार को नगर आयुक्त यशपाल मीणा ने पाटलिपुत्र, नूतन राजधानी, बांकीपुर और अजीमाबाद अंचल के अंतर्गत आने वाले 24 गंगा घाटों का निरीक्षण किया।

इस दौरान कलेक्ट्रेट, महेंद्रू, टीएन बनर्जी, मिश्री, गांधी, बड़हड़वा, चौधरी टोला, नरकट और पथरी समेत विभिन्न घाटों पर चल रहे कार्यों की समीक्षा की गई। नगर आयुक्त ने अधिकारियों और अभियंताओं को तैयारियों में तेजी लाने का निर्देश दिया।

घाटों पर अतिक्रमण देख सख्त हुए नगर आयुक्त, तत्काल हटाने का आदेश

निरीक्षण के दौरान कई गंगा घाटों पर अस्थायी अतिक्रमण पाया गया। इस पर नगर आयुक्त ने नाराजगी जताते हुए तत्काल अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया। साथ ही संबंधित घाटों पर विशेष सफाई अभियान चलाने को कहा गया।

प्रशासन की कोशिश है कि छठ के दौरान घाटों पर पर्याप्त जगह उपलब्ध रहे और श्रद्धालुओं को आने-जाने में परेशानी न हो। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने की जिम्मेदारी दी गई है।

पुराने शौचालय और चेंजिंग रूम भी होंगे चकाचक

छठ के दौरान घाटों पर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए नगर आयुक्त ने स्थायी शौचालयों और चेंजिंग रूम की मरम्मत एवं रंग-रोगन का काम जल्द पूरा करने को कहा। कायाकल्प अभियान के तहत घाटों की साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण में भी तेजी लाने का निर्देश दिया गया।

इसके अलावा पुराने साइन बोर्ड हटाकर नए साइन बोर्ड लगाने को कहा गया है, ताकि श्रद्धालुओं को घाटों की पहचान करने और जरूरी सुविधाओं तक पहुंचने में आसानी हो।

गंगा दूर तो श्रद्धालुओं के लिए रास्ते होंगे दुरुस्त

जिन घाटों पर गंगा नदी का जलस्तर दूर है, वहां श्रद्धालुओं की परेशानी कम करने के लिए पहुंच पथ को व्यवस्थित करने का निर्देश दिया गया है। रास्तों में उगी घास और अन्य अवरोधों को हटाकर साफ-सफाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।

इसका उद्देश्य है कि छठ व्रतियों को गंगा तट तक पहुंचने में किसी तरह की दिक्कत न हो। खासकर बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रास्तों को दुरुस्त करने पर जोर दिया जा रहा है।

खतरनाक घाटों पर लाल कपड़े की बैरिकेडिंग, सुरक्षा से समझौता नहीं

छठ के दौरान सबसे बड़ी चुनौती श्रद्धालुओं की सुरक्षा है। इसे देखते हुए नगर आयुक्त ने सभी चिह्नित खतरनाक स्थलों पर लाल कपड़े से बैरिकेडिंग अनिवार्य रूप से कराने का निर्देश दिया है।

अधिकारियों और अभियंताओं को स्पष्ट कहा गया है कि सुरक्षा इंतजामों में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। अब देखना होगा कि छठ महापर्व से पहले सभी घाटों पर सफाई, सौंदर्यीकरण और सुरक्षा से जुड़े काम कितनी तेजी से पूरे होते हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।