विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पटना में छठ घाट पर गया था पूरा परिवार, चोरों ने खाली मकान से उड़ाए 2 करोड़ के जेवर; चांदी को हाथ भी नहीं लगाया

By Naki ImamEdited By: vyas Chandra
Published: Mon, 16 Nov 2026 11:33 AM (IST)

पटना के संपतचक में छठ पूजा के दौरान एक बंद मकान से चोरों ने करीब दो करोड़ रुपये के सोने ...और पढ़ें

चोरी के बाद ब‍िखरे सामान। जागरण

चोरी के बाद ब‍िखरे सामान। जागरण

HighLights

  1. छठ के अंतिम अर्घ्य के दौरान बंद घर में चोरी हुई।

  2. चोरों ने दो करोड़ के सोने के जेवर, नकदी उड़ाई।

  3. पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही, जांच में जुटी।

संवाद सूत्र, फुलवारी शरीफ। संपतचक के गोपालपुर थाना क्षेत्र के चक बैरिया गांव में सोमवार की सुबह छठ के अंतिम अर्घ्य के दौरान चोरों ने बंद मकान को निशाना बनाया।

चोर मुख्य गेट का ताला तोड़कर दो मंजिला मकान में घुसे और करीब दो करोड़ रुपये के सोने के जेवरात व 50 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए।

घटना के समय परिवार के सभी सदस्य बैरिया सूर्य मंदिर घाट पर उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने गए थे। जानकारी के अनुसार, स्वर्गीय शिवनाथ सिंह के पुत्र अरुण सिंह और धर्मेंद्र सिंह का गांव में दो मंजिला मकान है।

छठ पूजा के ल‍िए घर बंद कर गए थे सभी 

अरुण निजी कंपनी में नौकरी करते हैं, जबकि धर्मेंद्र गया स्थित केंद्रीय विश्वविद्यालय में प्रोफेसर हैं। परिवार के अन्य सदस्य भी शिक्षक और इंजीनियर हैं।

सोमवार की सुबह दोनों भाइयों के परिवार के सदस्य मकान की पहली और दूसरी मंजिल के चारों कमरों में ताला लगाकर छठ घाट चले गए थे।

इसी दौरान चोरों ने मुख्य गेट का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया। इसके बाद कमरों में रखी अलमारियों, दीवान, पलंग, पेटियों और बक्सों के ताले तोड़कर तलाशी ली।

चोरों ने केवल सोने के जेवरात और नकदी चुराई। सोने के गहनों के खाली डिब्बे कमरों में छोड़ दिए, जबकि चांदी के जेवरात और बर्तनों को हाथ तक नहीं लगाया।

अर्घ्य देकर परिवार के सदस्य घर लौटे तो मुख्य गेट का ताला टूटा मिला। अंदर सभी कमरों का सामान बिखरा पड़ा था। महिलाओं के गहने गायब देखकर घर में चीख-पुकार मच गई।

चोरी गए जेवरात में दोनों भाइयों की पत्नियों, बहुओं और माता के गहने शामिल हैं। अरुण सिंह ने बताया कि उनकी माता रेणु सिंह और पत्नी कुमारी पूनम देवी ने छठ व्रत किया था। पर्व के उत्साह के बीच हुई इस घटना से परिवार सदमे में है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

परिवार ने डायल 112 पर सूचना देकर पुलिस को बुलाया। घटना की जानकारी मिलने पर आसपास के लोग भी जुट गए। स्थानीय लोगों ने पुलिस के पहुंचने में देरी पर नाराजगी जताई।

पुलिस के अनुसार, वारदात सुबह करीब पांच बजे हुई। मकान में सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा है। हालांकि, पास के एक मकान में लगे कैमरे की फुटेज खंगाली जा रही है।

गोपालपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही एफएसएल और डॉग स्क्वायड की टीम को बुलाकर जांच कराई गई।

परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान करने में जुटी है।

थानाध्यक्ष ने बताया कि सुबह करीब 4:30 बजे पुलिस आशीर्वाद कॉलोनी इलाके में गश्त कर रही थी। इसी दौरान चक बैरिया में चोरी की वारदात हुई। चोरों ने सोने के जेवरात और नकदी ही चुराई, जबकि चांदी के गहनों और बर्तनों को नहीं छुआ। इस आधार पर पुलिस को आशंका है कि वारदात में घर और उसमें रखे सामान की जानकारी रखने वाले लोग शामिल हो सकते हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।