पटना के युवक की दीवानगी, एक वर्ष बाद फिर प्रेमिका को लेकर हो रहा था फरार, फिर हो गया ऐसा
पटना जिले के मसौढ़ी थाना क्षेत्र में शुक्रवार को पुलिस ने प्रेमी युगल को पकड़ा। खास बात यह कि उसी लड़की के साथ पिछले वर्ष भी वह युवक फरार हुआ था। तब एफआइआर भी हुई थी। लेकिन प्रेम में पागल उस युवक ने इस बार भी दुस्साहस किया।
मसौढ़ी (पटना), संवाद सहयोगी। हमने घर छोड़ा है, रस्मों को तोड़ा है, दूर कहीं जाएंगे... कुछ इसी तर्ज पर एक युवक ने किशोरी को घर से भगा लिया। उसे लेकर कहीं जा रहा था। लेकिन ऐन वक्त पर पुलिस के कानों तक इसकी सूचना पहुंच गई। आरोपित युवक हवालात में बंद है। उसे शनिवार को जेल भेज दिया गया। वहीं किशोरी को पुलिस ने उसके स्वजनों को सौंप दिया है। मामला मसौढ़ी थाना क्षेत्र का है। वहीं के गांधी मैदान के पास से शुक्रवार को पुलिस ने भाग रहे प्रेमी युगल को पकड़ा। पहले भी युवक ने उस लड़की का अगवा कर लिया था।
रास्ते में ही किशोरी के साथ पकड़ा गया युवक
जानकारी के मुताबिक पुनपुन थाना के बाउक ग्रामवासी विद्यानंद सिंह का पुत्र रोहित कुमार उर्फ प्रद्युम्न का मसौढ़ी थाना क्षेत्र के एक गांव की किशोरी से लंबे अरसे से प्रेम संबंध चल रहा है। वह भी ऐसा कि उसे पिछले वर्ष दर्ज पुलिस केस की भी चिंता नहीं रही। पहले भी उसने उस किशोरी को अगवा कर लिया था। एक बार फिर उसने ऐसा ही प्रयास किया। आरोप है कि शुक्रवार को वह उस किशोरी को शादी का झांसा देकर भगा ले जा रहा था। स्वजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस एक्टिव हो गई। त्वरित कारवाई कर घेराबंदी की। इसके बाद स्थानीय गांधी मैदान के पास किशोरी के साथ रोहित दिख गया। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। सूचना पर पहुंचे स्वजनों के हवाले किशोरी को कर दिया गया।
एक वर्ष पहले भी कर लिया था अगवा
बताया जाता है कि आरोपी युवक ने एक वर्ष पूर्व भी उस किशोरी को अगवा कर लिया था। तब उसकी मां ने प्राथमिकी कराई गई थी। हालांकि बाद में किशोरी खुद घर लौट गई थी। तब मामला रफा-दफा हो गया था। लेकिन एक बार फिर उसने ऐसा ही किया है। इस बाबत पुलिस ने बताया कि बरामद किशोरी को उसके स्वजनों को बुला सौंप दिया गया है जबकि आरोपी युवक को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।