पटना पुलिस पर गश्त के दौरान पेपर स्प्रे से हमला, वारदात को अंजाम दे 2 अपराधी फरार
पटना पुलिस पर रविवार की सुबह पेपर स्प्रे से हमला कर दिया गया। दो की संख्या में अपराधियों ने वारदात को अंजाम दिया और फरार हो गए।
पटना, जेएनएन। राजधानी में बेखौफ अराधियों ने पुलिस पर ही हमला कर दिया। कदमकुआं थाना क्षेत्र के नाला रोड में कलकत्ता बाजार के पास रविवार की सुबह गश्त लगा रहे एएसआइ संतोष कुमार की आंखों में पेपर स्प्रे छिड़ककर दो बदमाश बाइक से फरार हो गए। घटना के तुरंत बाद पुलिसकर्मी को निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्रारंभिक उपचार के बाद डॉक्टर ने उन्हें घर भेज दिया। इधर, सीसीटीवी फुटेज से बदमाशों की बाइक और उनके चेहरे की पहचान करने की कोशिश जारी है।
बताया जाता है कि कदमकुआं थाने की पुलिस रविवार की सुबह गश्त लगा रही थी। इसी दौरान बाइक से दो संदिग्ध को जाते देखा। इसपर हाथ देकर पुलिस ने उन्हें रोकना चाहा तो दोनों भागने लगे। भागने पर पुलिस दोनों का पीछा करने लगी। पुलिस के जवान जैसे ही उनके करीब पहुंचे कि बाइक के पीछे बैठे बदमाश ने एएसआइ संतोष कुमार की आंखों पर पेपर स्प्रे छिड़क दिया। एएसआइ तड़पने लगे तो दोनों बाइक सवार बदमाश फरार हो गए। घटना के बाद सूचना पर जबतक पुलिस के अन्य जवान पहुंचते कि अपराधी आसपास की गलियों का इस्तेमाल कर फरार हो गए। बाद में घायल एएसआइ को इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां प्रारंभिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया है। बदमाशों की अबतक पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगालकर अपराधियों को पकड़ने की कोशिश कर रही है। दिनदहाड़े घटना से हड़कंप मच गया है। अपराधियों ने पटना पुलिस को खुली चुनौती दी है। संभवता बदमाश कोई बड़ी वारदात को अंजाम देने जा रहे होंगे। पुलिस को देखते ही उन्होंने भागना शुरू कर दिया। बड़ी बात ये है कि दोनों फरार हो गए हैं। अब पुलिस उनकी तलाश कर रही है। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाल कर अपराधियों की तलाश की जा रही है।