पालीगंज में पिस्तौल के बल पर CSP संचालक से 2 लाख की लूट, जांच में जुटी पुलिस
पालीगंज अनुमंडल में अपराधियों ने एक सीएसपी संचालक नवीन कुमार से पिस्तौल के बल पर दो लाख रुपये नकद, बैग ...और पढ़ें

एआई जेनरेटेड तस्वीर
HighLights
पालीगंज में CSP संचालक से 2 लाख रुपये लूटे गए।
अपराधियों ने पिस्तौल के बल पर घटना को अंजाम दिया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच और छापेमारी शुरू की।
संवाद सहयोगी, पालीगंज। पालीगंज अनुमंडल क्षेत्र में अपराधियों का दुस्साहस बढ़ा हुआ है। दिन-दहाड़े पिस्तौल के बल पर सीएसपी संचालक से दो लाख रुपये, बैग और मोबाइल लूट लिए गए। घटना पियरपुरा थाना क्षेत्र के गौसगंज गांव से पहले जीवन बिगहा कब्रिस्तान के समीप की है। इस वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल कायम हो गया है।
पीड़ित नवीन कुमार एसबीआई बैंक के सीएसपी केंद्र का संचालन खिरीमोड़ में करते हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, वह देर शाम अपना सीएसपी केंद्र बंद कर मोटरसाइकिल से अपने घर नीरखपुर लौट रहे थे।
कब्रिस्तान के समीप रोककर ओवरटेक किया
इसी दौरान विपरीत दिशा से आए दो मोटरसाइकिल सवार अपराधियों ने जीवन बिगहा कब्रिस्तान के समीप उन्हें ओवरटेक कर रोक लिया। इसके बाद एक अपराधी ने पिस्तौल तान दी और जान से मारने की धमकी देते हुए उनके पास मौजूद बैग छीन लिया। बैग में करीब दो लाख रुपये नकद रखे थे।
अपराधियों ने उनका मोबाइल फोन भी लूट लिया और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित नवीन कुमार ने पियरपुरा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई और मामले की छानबीन शुरू कर दी गई।
आसपास के क्षेत्रों में छापेमारी
पालीगंज डीएसपी-01 राजीव चंद्र सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि अपराधियों की पहचान के लिए आसपास के क्षेत्रों में छापेमारी की जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
