India Pakistan Tension: 'भारत ने हमला किया तो...', सम्राट चौधरी की पाकिस्तान को कड़ी चेतावनी
उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा है कि भारत अभी अपनी रक्षा कर रहा है लेकिन अगर हमला हुआ तो पाकिस्तान 24 घंटे में खत्म हो जाएगा। उन्होंने यह बात महाराणा प्रताप जयंती समारोह में कही। चौधरी ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की सराहना की और देश की सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। समारोह में कई भाजपा नेताओं ने भी देश की एकजुटता पर जोर दिया।

जागरण संवाददाता, पटना। राज्य के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि अभी हम अपना बचाव कर रहे हैं। हमला करेंगे तो 24 घंटे के अंदर पाकिस्तान खत्म हो जाएगा। उन्होंने ये बातें राजधानी में स्थित बापू सभागार में आयोजित महाराणा प्रताप जयंती सह राणा-भामा सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहीं। समारोह में भाजपा के तमाम वरीय नेता, सांसद, विधायक एवं मंत्री मौजूद रहे।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि आज एक ऐतिहासिक दिन है। पाकिस्तान ने भारत पर कायरता के साथ हमला किया है। हमारे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पाकिस्तान को करारा जवाब दिया है। जैसा महाराणा और भामा शाह की जोड़ी थी, आज नरेन्द्र मोदी और राजनाथ सिंह की जोड़ी देश की अगुवाई कर रही है।
प्रधानमंत्री सभी देश के लोगों के समर्थन की जरूरत है। आज बिहार में 12 जगह पर एयरपोर्ट बनाने का काम किया जा रहा है। महाराणा के वंशज को लड़ने के साथ पढ़ने का काम भी करना है। बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और देश में प्रधानमंत्री मोदी विकास की दिशा में काम कर रहे हैं।
सभी लोग हाथों तलवार लेकर तैयार रहें : नीरज बबलू
महाराणा प्रताप की जयंती समारोह संयोजक और राज्य के मंत्री नीरज कुमार सिंह बबलू ने कहा कि सभी लोग हाथों में तलवार लेकर तैयार रहिए। हमें कभी भी लड़ाई के लिए जाना पड़ सकता है। बिहारियों को अगर छूट दी जाए तो पाकिस्तान को धूल चटा देगा। उन्होंने कहा कि आप अपनी क्षमता का सही उपयोग करें।
क्षमता का दुरुपयोग न करें। हमारा देश युद्ध कर रहा है। हमें सेना पर गर्व है। उन्होंने कहा कि भारत हमला किया तो पाकिस्तान 24 घंटे के अंदर खत्म हो जाएगा।
देश विशेष परिस्थिति से गुजर रहा, सभी एकजुट रहें : मंगल पांडेय
स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने मंच पर आते ही भारत की सेना जिंदाबाद के नारे लगाए। उन्होंने कहा कि आज देश विशेष परिस्थिति से गुजर रहा है। आज के समय में सभी को संकल्प लेने की जरूरत है। सभी को एकजुट रहकर कर इसका मुकाबला करना है। देश के लिए सभी को खड़ा रहने की जरूरत है।
हर साल शौर्य दिवस पर एयरफोर्स के जवान दिखाएंगे कर्तव्य : राजीव प्रताप रूडी
सांसद राजीव प्रताप रूडी ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री ने पाकिस्तान के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। इसका परिणाम जरूर मिलेगा, महाराणा प्रताप के साथ भामाशाह को एक साथ जोड़कर देखना होगा। आज समाज के लोगों आपस में लड़ रहे हैं। उन्होंने 23 अप्रैल को शौर्य दिवस पर पटना में एयरफोर्स द्वारा दिखाए गए कर्तव्य की चर्चा की।
उन्होंने कहा कि हर साल वीर कुंवर सिंह जयंती पर सेना के शौर्य कार्यक्रम आयोजित हो इसका प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हम सभी एक साथ खड़े रहने के लिए तैयार हैं, लेकिन किसी के पीछे खड़े रहने को तैयार नहीं। मैं कभी भी सम्मान से समझौता नहीं करूंगा। पटना में हर नेता के आवास पर उसके बड़े नेताओं की तस्वीर लगी हुई है, लेकिन किसी के आवास पर भामाशाह और महाराणा की तस्वीर नहीं लगी है।
भारतीय ने सीना चौड़ा कर दिया : संतोष सिंह
श्रम मंत्री संतोष सिंह ने कहा कि आज भारत जो कर रहा है, उसमें सभी का सीना चौड़ा हो रहा है। आज का समय संकल्प लेने का समय है। महराना प्रताप का जमाना था तो तलवार देखकर सलवार पहन लेते थे। आज लोग तलवार देखकर धोती पहन लेंगे। महाराणा प्रताप और भामाशाह की जोड़ी ने समाज को एकजुटता का संदेश दिया।
सेना पाकिस्तान को करारा जवाब दे रही है: दिलीप जायसवाल
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री ने कहा था कि आतंकवादियों को सजा देंगे। आज सेना आतंकवादियों और पाकिस्तान को करारा जवाब दे रही है। आज रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को वीडियो लाइव जुड़ना था, उन्होंने फोन कर जानकारी दी कि ऐसे हालात में जुड़ना मुश्किल है। आज हम सभी महाराणा प्रताप से प्रेरणा लेकर देश के लिए जीने की शपथ लें।
महाराणा प्रताप ने हमेशा राह दिखाई : विजय सिन्हा
उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने कहा कि महाराणा प्रताप किसी व्यक्ति का नाम नहीं बल्कि प्रवृत्ति का नाम है। महाराणा प्रताप ने हमेशा राह दिखाई है, जब-जब हम जाति में बटे हैं, देश गुलाम हुआ है। असुर प्रवृत्ति के लोग आज फिर बांटने में लगे हुए हैं। हम सभी को मिलकर मजबूती से जवाब देना होगा।
प्रधानमंत्री के काम से आज महाराणा प्रताप के वंशज खुश होंगे : जीवेश मिश्रा
मंत्री जीवेश मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री ने कहा था कि पाकिस्तान को भारी कीमत चुकाना पड़ेगा। आज महाराणा प्रताप के वंशज इससे खुश होंगे। आज नया भारत है। आंख दिखाओगे तो आंख निकाल लेंगे, उंगली दिखाओगे तो हाथ काट लेंगे।
उन्होंने कहा कि सभी को हल्दी घाटी जाना चाहिए और उनके संग्रहालय को देखना चाहिए। मौके पर सांसद राधा मोहन सिंह, मंत्री राजू सिंह सहित अन्य भाजपा नेताओं ने भी विचार व्यक्त किया।
ये भी पढ़ें- India Pakistan Tension: आंतरिक सुरक्षा को लेकर बिहार में 24 घंटे अलर्ट, सीमावर्ती जिलों पर कड़ी नजर
ये भी पढ़ें- India Pakistan Conflict: सीमा पर तनाव के बीच बाजार का माहौल बदला, गोल्ड में बढ़ेगी तेजी
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।