पटना में दिनदहाड़े पैक्स अध्यक्ष को गोलियों से भूना, हथियार लहराते अपराधी फरार
बिहार की राजयधानी पटना में शनिवार की दोपहर बड़ी वारदात हुई। यहां पैक्स अध्यक्ष को अपराधियों ने गोलियों से भून दिया उन्हें एक के बाद एक पांच गोली मारी।
पटना, जेएनएन। बिहार की राजधानी पटना में शनिवार की दोपहर बड़ी वारदात हुई। शाहपुर थाना क्षेत्र के शिवाला के पास में मोटर साइकिल सवार दो बदमाशों ने दिनदहाड़े पैक्स अध्यक्ष को गोलियों से भूनकर उनकी हत्या कर दी। मृतक सरारी पंचायत के पैक्स अध्यक्ष कवींद्र यादव थे। सूचना पर पहुंची शाहपुर थाने की पुलिस मामले की छानबीन करने जुट गई है। वारदात को अंजाम देकर आरोपित फरार हो गए हैं।
बताया जाता है कि कवींद्र किसी काम से घर से निकले थे। जैसे ही वे शाहपुर थाना क्षेत्र के शिवाला के पास पहुंचे कि अपाचे बाइक से आए बदमाशों ने उन्हें पांच गोली मारी। वारदात के बाद अपराधी हथियार लहराते फरार हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से कवींद्र को इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों ने कवींद्र यादव को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद शव को बीच सड़क पर रखकर स्वजन विलाप कर रहे हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पैक्स अध्यक्ष की हत्या कौन कर सकता है? इस बारे में कुछ भी बोलने को स्वजन तैयार नहीं है।
मोकामा में बाइक सवार की गोली मारकर हत्या
दानापुर में पैक्स अध्यक्ष की हत्या के कुछ ही देर बाद मोकामा में मर्डर हो गया। मोकामा थाना क्षेत्र के NH-31 पर मेकरा गांव के निकट बदमाशों ने बाइक सवार की गोली मारकर हत्या कर दी। वहीं वाहन पर पीछे बैठ एक युवक गंभीर रूप से घायल बताया गया। सूचना पर पर पहुंची पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। मृतक की पहचान मोकामा प्रखंड के पचमहला ओपी अंतर्गत रामपुर डुमरा गांव निवासी विपिन सिंह के पुत्र बिट्टू सिंह (40) के रूप में की गई है। उसपर आधा दर्जन संगीन मामले दर्ज हैं। जिसमें तीन हत्या समेत अन्य मामले हैं । इसपर पत्नी की हत्या का भी आरोप है। बिट्टू का ससुराल भी मोकामा थाना क्षेत्र के शिवनार गांव बताई जा रही है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी है ।