सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि ओटीटी और पोर्नसाइट से लड़कियों और महिलाओं की समस्या बढ़ी
नीतीश कुमार ने दैनिक जागरण के हाइपर लोकल एप का लोकार्पण किया। मौके पर कहा कि ओटीटी और पोर्न साइट के खिलाफ समाज को जागरूक करना जरूरी है। मैंने केंद्र को इसपर बैन लगाने को दो बार पत्र लिखा है । फेक न्यूज को काउंटर करना भी काफी जरूरी
पटना, राज्य ब्यूरो । मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को कहा कि ओटीटी और पोर्न साइट के खिलाफ समाज को जागरूक करना जरूरी है। ओटीटी प्लेटफार्म पर अश्लीलता परोसी जा रही है। इससे समाज का नुकसान हो रहा है। महिलाएं उत्पीडऩ का शिकार हो रहीं हैं। मुख्यमंत्री आवास परिसर में दैनिक जागरण के हाइपर लोकल एप की विधिवत लांचिंग पर आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री ने यह बात कही। मुख्यमंत्री ने दैनिक जागरण को इस एप के लिए शुभकामनाएं भी दीं।
केंद्र को विस्तार से पत्र लिखा है
मुख्यमंत्री ने कहा कि गंदी चीजें जिस सहजता के साथ बिना किसी सेंसर के उपलब्ध करायी जा रहीं उससे समाज में गिरावट आएगी। मैंने दो बार केंद्र सरकार को इस बारे में विस्तार से पत्र लिखा है। पहले मैंने पोर्न साइट को प्रतिबंधित करने के लिए लिखा था और बाद में ओटीटी के बारे में लिखा। इस बारे में कुछ काम आगे बढ़ा है। जल-जीवन-हरियाली अभियान के तहत जब मैं यात्रा पर था तब अपने हरेक संबोधन में इस मसले को मैंने उठाया। स्थिति बहुत विकट है। नयी पीढ़ी को गुमराह किया जा रहा है। लड़कियों और महिलाओं की समस्या इससे बढ़ी है।
फेक न्यूज को काउंटर करना भी जरूरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि आजकल फेक न्यूज भी एक बड़ी समस्या है। उन्हें इस बात को लेकर प्रसन्नता है कि दैनिक जागरण के माध्यम से फेक न्यूज के बारे में लोगों को जागरूक करने का प्रयास भी किया जा रहा है। यह काम काफी प्रशंसनीय है तथा आवश्यक भी।