राज्य के 26 जिलों में ऑरेंज अलर्ट व कोल्ड डे घोषित
पश्चिम से आने वाली बर्फीली हवाओं की गति में तेजी आने से राज्य में पारा लगातार लुढ़कता जा रहा है।
पटना । पश्चिम से आने वाली बर्फीली हवाओं की गति में तेजी आने से राज्य में पारा लगातार लुढ़कता जा रहा है। इसके चलते पटना के मौसम विज्ञान केंद्र ने प्रदेश के 26 जिलों में ऑरेंज अलर्ट एवं कोल्ड डे घोषित कर दिया है। मंगलवार को भी इन जिलों में यही स्थिति रहने के आसार हैं। पूरे प्रदेश के आकाश में बादल छाए हुए हैं और वातावरण कोहरे से भरा हुआ है।
राज्य में सोमवार को सबसे कम अधिकतम तापमान राजधानी पटना में रिकॉर्ड किया गया। यह गिरकर 15.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। यह सामान्य से सात डिग्री सेल्सियस कम है। वहीं न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। राजधानी की हवा में आर्द्रता 100 फीसद रही।
पटना के अलावा गया के अधिकतम तापमान में भी भारी गिरावट दर्ज की गई। गया में अधिकतम तापमान 17.4 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से 5 डिग्री सेल्सियस कम रहा।
पटना मौसम विज्ञान केंद्र के विज्ञानी संजय कुमार के अनुसार वर्तमान में बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवात के कारण काफी मात्रा में नमी आ रही है। इससे आकाश में बादल छाए हुए हैं। बादलों के कारण ही धूप नहीं निकल रही है। भीषण ठंड है। उत्तरी बिहार के अधिकांश हिस्सों में कोहरा छाया हुआ है। : कोल्ड डे और ऑरेंज अलर्ट वाले जिले :
पश्चिमी चंपारण, सिवान, सारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीतामढ़ी, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली, शिवहर, समस्तीपुर, बक्सर, भोजपुर, रोहतास, भभुआ, औरंगाबाद, जहानाबाद, अरवल, पटना, गया, नालंदा, शेखपुरा, बेगूसराय, लखीसराय एवं नवादा।
--------
: क्या है ऑरेंज अलर्ट :
मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा जब किसी इलाके के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया जाता है तो इसका मतलब होता है कि लोग ठंड को लेकर सावधान हो जाएं। मौसम की स्थिति सामान्य से ज्यादा गंभीर हो गई है। लोगों की मौसम के प्रति लापरवाही परेशानी में डाल सकती है। ऐसे में ठंड से बचाव के लिए हर व्यक्ति को अपने स्तर पर प्रयास करना है। प्रशासन भी अपने स्तर से सुरक्षात्मक कदम उठा सकता है।