अनियंत्रित वाहन ने वृद्ध को रौंदा, हंगामा
थाना क्षेत्र के पंचशीलनगर मोड़ के समीप अनियंत्रित वाहन ने जोगेश्वर चौधरी को कुचल दिया।
पटना दानापुर : थाना क्षेत्र के पंचशीलनगर मोड़ के समीप अनियंत्रित वाहन ने जोगेश्वर चौधरी (62 वर्ष) को रौंद दिया। घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। घटना से आक्रोशित लोगों ने शव के साथ प्रदर्शन करते हुए पंचशील नगर मोड़ एवं तकियापर में सड़क जाम कर दिया। प्रदर्शन कर रहे लोग परिजनों को मुआवजा देने की माग कर रहे थे।
सूचना मिलने पर पंचशीलनगर मोड़ पहुंचे दानापुर थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिन्हा व प्रखंड विकास पदाधिकारी देवेंद्र कुमार ने प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाकर शांत कराया। वहीं तकियापर में पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर जाम खत्म कराया।
दो घंटे तक लगा रहा जाम
नागरिकों के प्रदर्शन के कारण दो घंटे तक जाम लग गया। पंचशीलनगर में किराये पर रहने वाला जागेश्वर चौधरी (62) अंडा बेच कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। सोमवार की सुबह जोगेश्वर पंचशील नगर मोड़ के समीप वो बैठे थे। तभी सामने से आ रहे वाहन ने ठोकर मार दी। मौत की खबर मिलते ही जोगेश्वर की पत्नी शोभा देवी और स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। घटना के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। मौत के बाद गुस्साए लोगों ने तकियापर एवं पंचशीलनगर मोड़ पर आगजनी कर सड़क जाम कर दिया। पंचशीलनगर मोड़ पर शव के साथ स्वजन सड़क पर ही बैठ गए।
जोगेश्वर की पुत्री निकिता ने बताया कि पापा सुबह घर से निकल कर धूप में बैठने की बात कहकर पंचशील नगर मोड़ पर गए थे। थोड़ी देर बाद ही दुर्घटना की जानकारी मिली। शव के पास शोभा देवी बार-बार बेहोश हो जा रही थी। थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिन्हा ने बताया कि वाहन चालक की तलाश की जा रही है।
दानापुर के पंचशीलनगर के समीप हुई घटना