अब गिरिराज पर मांझी का हमला, कहा- अमित शाह की फटकार महज दिखावे के लिए
इफ्तार दावत को लेकर भाजपा के फायर ब्रांड नेता गिरिराज सिंह के ट्वीट पर शुरू हुई राजनीति अब तक थमी नहीं है। सीएम नीतीश के बाद अब पूर्व सीएम जीतनराम मांझी जमकर बरसे हैं।
पटना, राज्य ब्यूरो। इफ्तार दावत को लेकर भाजपा के फायर ब्रांड नेता गिरिराज सिंह के ट्वीट पर शुरू हुई राजनीति अब तक थमी नहीं है। प्रदेश के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बयान के बाद अब पूर्व मुख्यमंत्री और हम (से) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जीतन राम मांझी ने गिरिराज सिंह और भाजपा पर पलटवार किया है। मांझी ने कहा कि भाजपा नेतृत्व के इशारे पर गिरिराज सिंह नीतीश कुमार पर निशाना साध रहे हैं और बिहारी डीएनए को गाली दे रहे हैं।
मांझी ने बुधवार को कहा कि गिरिराज सिंह हमेशा देश को तोडऩे वाली सियासत करते हैं। जो संघीय ढांचे के लिए कहीं से ठीक नहीं। उन्होंने गिरिराज सिंह के ट्वीट पर गृह मंत्री अमित शाह की फटकार पर तंज कसते हुए कहा कि अगर यही मायने में गिरिराज सिंह को अमित शाह ने फटकार लगाई है तो गिरिराज ने अब तक अपने इफ्तार दावत वाले ट्वीट को डिलीट क्यों नहीं किया? ट्वीट डिलीट नहीं करने से यह बात साफ हो जाती है कि अमित शाह की फटकार वाली खबरें सिर्फ दिखावे के लिए हैं। सही मायने में आज भी भारतीय जनता पार्टी और गिरिराज सिंह जैसे नेता देश को तोडऩे की सियासत कर रहे हैं।
मांझी ने कहा कि भाजपा नेता बिहारियों को अपमानित कर रहे हैं, जिससे बिहार के जनमानस में रोष व्याप्त है। उन्होंने भाजपा नेताओं को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर वह अपनी आदतों से बाज नहीं आए तो आने वाले वक्त में उन्हें इसका खामियाजा भुगतने के लिए तैयार रहना होगा। बता दें कि दो दिन पूर्व गिरिराज सिंह ने दावत-ए-इफ्तार की कुछ फोटो और अपने विचार ट्वीट किए थे, जिसमें उन्होंने कहा था कि नवरात्रि के मौके पर भी फलाहार भोज होता और उसकी तस्वीरें होती तो कितना सुखद लगता। गिरिराज ने जो फोटो ट्वीट की थी उसमें बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ ही लोजपा नेता रामविलास पासवान, चिराग पासवान के साथ ही जीतन राम मांझी नजर आ रहे थे। उनके इस ट्वीट के बाद से बिहार की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला अनवरत जारी है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप