राज्य ब्यूरो, पटना। जदयू संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा के बागी तेवर पर उनके दल के नेता ही हमलावर हो गए हैं। इनमें उनके समुदाय से आने वाले नेता भी शामिल हैं। जदयू प्रदेश कार्यालय में गुरुवार को आयोजित जगदेव जयंती समारोह में कुछ ने उपेंद्र कुशवाहा का नाम लेकर तथा कुछ ने इशारे-इशारे में उन पर निशाना साधा।

सांसद संतोष कुशवाहा ने कहा कि उपेंद्र कुशवाहा का मन इधर-उधर हो रहा है। कुशवाहा समाज के लोग नीतीश कुमार के साथ हैं। वे कह रहे हैं कि संसदीय बोर्ड का अध्यक्ष बनाकर नीतीश कुमार ने उन्हें झुनझुना थमा दिया। ऐसा है तो वह क्यों नहीं इस झुनझुने को पार्टी के नेता को दे देते हैं, जो कुशवाहा समाज के हैं। उपेंद्र कुशवाहा को मुख्यमंत्री ने पहली बार विधायक बनने पर ही विधानसभा में विरोधी दल का नेता बना दिया था। राज्यसभा भी भेजा। दरअसल, वह पार्टी को कमजोर करने की साजिश कर रहे हैं।

जदयू सांसद महाबली सिंह ने इशारे-इशारे में कहा कि हमारे पार्टी के एक नेता मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर अंगुली उठा रहे हैं। सियार शेर की खाल ओढ़कर कहे कि हम शेर हैं तो वह शेर नहीं हो सकता, सियार ही रहेगा। वह किसी के इशारे पर काम कर रहे हैं।

समाज कल्याण मंत्री मदन सहनी ने भी इशारे में कहा कि कुछ नेता भगवान भरोसे काम कर रहे हैं। बहकाने वाले लोगों से सावधान रहना है। पूर्व विधायक रामसेवक सिंह ने कहा कि इधर-उधर करने वाले नेता के मुंह पर कालिख पोती जाएगी।

पूर्व सांसद रामकुमार शर्मा ने भी कहा कि ऐसे लोगों से सावधान रहने की जरूरत है। मंत्री जयंत कुमार ने उपेंद्र कुशवाहा का नाम लिए बगैर कहा कि दल के नेता के रूप में वह ऐसा व्यवहार कर रहे हैं कि आपस में ही फूट हो जाए। पूर्व सांसद मंगनी लाल मंडल ने कहा कि नीतीश कुमार पर सुनियोजित तरीके से हमले का प्रयास हो रहा है।

Edited By: Yogesh Sahu