गैंगवार में मारा गया कुख्यात सुजीत मगहिया; घर से निकाल भून डाला, फिर फेंक दिया शव
बिहार व उत्तर प्रदेश के कई जिलों का आतंक कुख्यात सुजीत मगहिया गैंगवार में मारा गया है। वह सासाराम में पत्रकार हत्याकांड का भी मुख्य आरोपित था।
रोहतास [जेएनएन]। बिहार के रोहतास जिले में कुख्यात सुजीत मगहिया गैंग वार का शिकार हो गया। विरोधी गैंग के अपराधियों ने उसे घर से निकालकर गोलियों से भून डाला। सुजीत के गैंग के सदस्य जान बचाकर भाग निकले। विदित हो कि सुजीत सासाराम के पत्रकार धर्मेंद्र सिंह हत्याकांड का मुख्य आरोपी था। बिहार व उत्तर प्रदेश के कई जिलों में उसका आतंक था।
हत्या कर शव के कैमूर पहाड़ी पर फेंका
मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बढ़ईयाबाग गांव के पास कैमूर पहाड़ी क्षेत्र से पुलिस ने पत्रकार धर्मेंद्र सिंह हत्याकांड के मुख्य आरोपित सुजीत सिंह उर्फ मगहिया का शव बरामद किया। उसकी हत्या गैंगवार में सिर में गोली मार की गई है। वह एक माह पूर्व ही जमानत पर जेल से छूटा था। वह मूल रूप से औरंगाबाद जिला के देव प्रखंड नरसिंह बीघा का रहने वाला था।
सदर एएसपी राजेश कुमार ने बताया कि सुजीत की गैंगवार में हत्या की गई तथा शव को कैमूर पहाड़ी के पास फेंक दिया गया। एएसपी ने बताया कि सुजीत की हत्या कैसे हुई, फिलहाल इसका खुलासा नहीं हो सका है।
पत्रकार हत्याकांड में था आरोपित
विदित हो कि बीते 12 नवंबर 2016 को एक दैनिक समाचारपत्र के पत्रकार धर्मेंद्र सिंह की हत्या कर दी गई थी। वे अवैध खनन करने वाले माफियाओं के निशाने पर थे। पुलिस ने इस मामले में सुजीत मगहिया समेत पांच लोगों के खिलाफ नामजद एफआइआर दर्जकी गई थी। सुजीत मगहिया इस मामले में जेल में था। वह हाल ही में जमानत पर रिहा होकर बाहर निकला था।