आतंकवाद का मतलब मुसलमान नहीं, बल्कि पाकिस्तान: नित्यानंद
बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय ने कहा कि आतंकवाद का मलतब मुसलमान नहीं, बल्कि पाकिस्तान है। नक्सलवाद से देश को उतना ही नुकसान है जितना आतंकवाद से।
पटना [राज्य ब्यूरो]। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय ने कहा कि मुट्ठी भर लोग देश में आतंकवाद के नाम पर अशांति फैला रहे हैं। हमें यह समझना होगा कि आतंकवाद का मतलब मुसलमान नहीं बल्कि पाकिस्तान है। ठीक उसी प्रकार जैसे नक्सलवाद हिन्दुओं के बीच हिंसा करने वाला गिरोह है। नक्सलवाद से देश को उतना ही नुकसान है जितना आतंकवाद से। नित्यानंद भाजपा प्रदेश मुख्यालय के कैलाशपति मिश्र सभागार में प्रदेश अल्पसंख्यक मोर्चा की कार्यसमिति बैठक को संबोधित कर रहे थे।
कार्यसमिति के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री नागेंद्र नाथ ने कहा कि 'पंचनिष्ठा' भाजपा का मूल आधार है। पार्टी किसी जाति या धर्म की नहीं बल्कि सर्व धर्म का मिश्रण है।
पथ निर्माण मंत्री नंद किशोर यादव ने कहा कि मुसलमानों की आर्थिक स्थिति दयनीय है। बिहार सरकार की योजनाओं का लाभ अल्पसंख्यक समाज के सभी लोगों को उठाना चाहिए। राज्य सरकार अल्पसंख्यकों के आर्थिक और सामाजिक उत्थान के प्रति कटिबद्ध है।
स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय कहा कि बिहार में हिन्दू मुस्लिम की गंगा जमुनी की धारा को अवरुद्ध करने वाले को कदापि बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आरक्षण के बारे में जो भ्रांतिया फैलाई जा रहीं है वह निराधार है क्योंकि भाजपा संविधान के अनुरूप चलती है जिसमें धर्म के नाम पर आरक्षण की कोई व्यवस्था नहीं है।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष तुफैल कादरी ने कहा कि बिहार के सभी जिलों में मोर्चा को संगठनात्मक रूप से मजबूत किया जाएगा। कांग्रेस पार्टी ने मुसलमानों को केवल चुनाव का विषय बनाकर रख दिया है। इस अवसर पर भाजपा के प्रवक्ता डॉ. अजफर शमशी, मोर्चा के प्रदेश महामंत्री नौशाद आलम, युसूफ रसूल, उपाध्यक्ष सैयद माज अरफी, मनप्रित सिंह, नसीम आलम, नबाव अली, मिडिया प्रभारी जमाल हसनैन, प्रवक्ता अकील अंसारी और कार्यसमिति के सदस्य एवं जिलाध्यक्ष उपस्थित थे।