'विपक्ष की रैली अराजकता फैलाने की सोची-समझी साजिश', नित्यानंद राय ने लालू-तेजस्वी पर भी साधा निशाना
केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने दिल्ली में विपक्ष की रैली को अराजकता फैलाने की सोची-समझी साजिश बताया है।

केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय। (फाइल फोटो)
HighLights
नित्यानंद राय ने विपक्ष की रैली को साजिश बताया।
कांग्रेस पर देश में भ्रम फैलाने का आरोप लगाया।
राजद नेताओं पर जंगलराज की याद दिलाई।
राज्य ब्यूरो, पटना। नई दिल्ली के रामलीला मैदान में विपक्ष की रैली पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि यह रैली लोकतंत्र के सम्मान के लिए नहीं, बल्कि अराजकता फैलाने की सोची-समझी साजिश है।
कांग्रेस और उसके सहयोगी दल देश में भ्रम, अफवाह एवं अस्थिरता का वातावरण पैदा कर जनता द्वारा चुनी गई सरकार को बदनाम करने का प्रयास कर रहे हैं।
राय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित कर रहा है। लगभग 25 करोड़ लोगों का गरीबी से बाहर निकलना इस परिवर्तन का प्रमाण है।
राय ने राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव एवं तेजस्वी यादव की सहभागिता पर भी प्रश्न खड़ा किया। उन्होंने कहा कि लोहिया एवं जेपी ने कांग्रेस की तानाशाही विरुद्ध लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष किया था, आज उन्हीं की विरासत का दावा करने वाले लोग कांग्रेस के साथ खड़े होकर कैसी राजनीति कर रहे हैं?
उन्होंने तेजस्वी यादव द्वारा प्रधानमंत्री पर किए टिप्पणी पर कहा कि तेजस्वी यादव को अपनी विरासत के जंगलराज, अपहरण, नरसंहार, भ्रष्टाचार व अराजकता के इतिहास को देखना चाहिए।
आईएनडीआईए की रैली फ्लॉप रही : भाजपा
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता संजीव कुमार मिश्र ने आईएनडीआईए द्वारा दिल्ली के रामलीला मैदान में एसआइआर एवं वोट चोरी को लेकर आयोजित रैली को फ्लाप बताया है।
उन्होंने कहा रैली में कांग्रेस के 10 लाख लोगों के जुटने की हवा निकल गई। लोकतंत्र के नाम पर देश में कांग्रेस द्वारा अराजकता फैलाने पर पानी फिर गया।
कांग्रेस की महारानी सोनिया गांधी व युवराज राहुल गांधी बंगले झांकते नजर आ रहे थे। विपक्ष का शक्ति- प्रदर्शन महज नाटक साबित हो कर रह गया।