विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Wrong Side से नीतीश सेतु पर चढ़ना पड़ा भारी, 375 वाहन चालकों पर लगा 11.25 लाख का जुर्माना

Published: Wed, 25 Nov 2026 10:18 PM (IST)

पटना के कच्ची दरगाह-बिदुपुर नीतीश सेतु पर रांग साइड से वाहन चलाने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। दो दिवसीय अभियान में 375 चालकों पर कुल 11.25 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया, जिससे नियम तोड़ने वालों में हड़कंप मच गया।

हर वाहन चालक पर तीन हजार रुपये की कार्रवाई

हर वाहन चालक पर तीन हजार रुपये की कार्रवाई

HighLights

  1. नीतीश सेतु पर रांग साइड ड्राइविंग के खिलाफ सख्त अभियान चला।

  2. 375 वाहन चालकों पर 11.25 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।

  3. यातायात पुलिस ने दो दिनों तक विशेष जांच अभियान चलाया।

जागरण संवाददाता, पटना। कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन नीतीश सेतु पर यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। पुल पर रांग साइड से वाहन चलाने वाले 375 चालकों का चालान काटा गया।

दो दिनों तक चले विशेष अभियान में इन वाहन चालकों पर कुल 11 लाख 25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। प्रत्येक चालक से तीन हजार रुपये का जुर्माना निर्धारित किया गया है। यातायात पुलिस की इस कार्रवाई से नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों में हड़कंप मचा है।

सुबह आठ से शाम चार बजे तक चला विशेष अभियान

यातायात पुलिस ने सोमवार और बुधवार को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक विशेष जांच अभियान चलाया। पहले दिन 175 वाहन चालक गलत दिशा में वाहन चलाते पकड़े गए। इन पर कुल 5.25 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।

वहीं, बुधवार को कार्रवाई के दौरान 200 वाहन चालक नियमों का उल्लंघन करते मिले। इनसे छह लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया। दूसरे दिन पहले दिन की तुलना में 25 अधिक वाहन चालक पकड़े गए।

हर वाहन चालक पर तीन हजार रुपये की कार्रवाई

पुलिस ने रांग साइड से वाहन चलाने वालों के खिलाफ निर्धारित जुर्माने के तहत कार्रवाई की। दो दिनों में कुल 375 चालकों पर तीन-तीन हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।

इस तरह कुल जुर्माने की राशि 11.25 लाख रुपये पहुंच गई। अभियान का उद्देश्य पुल पर यातायात व्यवस्था को सुरक्षित और सुचारु बनाए रखना है।

संपर्क पथ छोड़ सीधे फ्लैंक पर चढ़ रहे वाहन

दीदारगंज से राघोपुर जाने वाले वाहनों के लिए पुल के नीचे संपर्क पथ से बाएं फ्लैंक पर चढ़ने की व्यवस्था की गई है। इसके बावजूद कई चालक निर्धारित संपर्क पथ का इस्तेमाल नहीं कर सीधे दाएं फ्लैंक पर पहुंच रहे हैं। यह फ्लैंक विपरीत दिशा से आने वाले वाहनों के लिए निर्धारित है। ऐसे में आमने-सामने टक्कर और यातायात जाम का खतरा बना रहता है।

पुलिस की अपील, निर्धारित रास्ते से ही करें आवागमन

प्रशिक्षण अवर निरीक्षक अजय कुमार ने वाहन चालकों से निर्धारित संपर्क पथ और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि गलत दिशा में वाहन चलाने से न केवल चालक, बल्कि दूसरे राहगीरों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ती है। पुल पर सुरक्षित आवागमन के लिए निर्धारित फ्लैंक और संपर्क पथ का ही इस्तेमाल करें। नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ जांच और कार्रवाई जारी रहेगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।