बिहार के विकास के लिए केंद्र में मोदी सरकार जरूरी : नीतीश
धनरूआ में रामकृपाल के पक्ष में वोट मांगने पहुंचे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार
मसौढ़ी (पटना)। बिहार के विकास के लिए केंद्र में एक बार फिर नरेंद्र मोदी को सत्तासीन करना आवश्यक है। जनता सभी के विकास के लिए अपना वोट देती है न कि येन-केन प्रकारेण धन कमाने के लिए। उक्त बातें सूबे के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को धनरुआ प्रखंड के कृषि फॉर्म के मैदान में एक चुंनावी सभा को संबोधित करते हुए कहीं। उन्होंने केंद्र सरकार के विकास कार्यो की चर्चा करते हुए कहा कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के सहयोग से और खुद के अपने संसाधनों से उन्होंने सूबे का विकास किया है। अपनी विकास योजनाओं की चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने हर तबके के विकास के लिए बिना किसी भेदभाव से काम किया है, जिसके नतीजे सभी के सामने हैं। विपक्ष का नाम लिए बिना उन्होंने कहा कि वे टकराव की राजनीति नहीं करते, बल्कि न्याय के साथ विकास में विश्वास करते हैं। यही कारण है कि आज समाज में आपसी मिल्लत व सौहार्द का वातावरण बना है और विकास तेज रफ्तार से बढ़ रहा है। उन्होंने सोशल मीडिया पर अनाप-शनाप मैसेज वायरल होने पर आपत्ति जताई और कहा कि वे किसी के विषय में कोई आपत्तिजनक टिप्पणी नहीं करते। बिना नाम लिये एक राजनीतिक पार्टी की ओर इशारा करते हुए कहा कि उनपर साजिश रचकर किसी को फंसाने का आरोप लगाया जा रहा है जो पूरी तरह बेबुनियाद है। उन्होंने इसे संविधान का अपमान करार दिया और कहा कि कानून अपने तरीके से काम करता है ओर दोषी लोगों को सजा होती है। इसमें उनका क्या कसूर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रशसा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने देश का सम्मान बढ़ाया है। केंद्रीय मंत्री सह पाटलिपुत्र संसदीय क्षेत्र से राजग प्रत्याशी रामकृपाल यादव के अपने क्षेत्र में किए गए विकास कार्यो की चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वे अपने क्षेत्र के विकास के लिए सदैव प्रयत्नशील रहे हैं और उनसे भी इसके लिए मदद लेते रहे हैं। उन्होंने लोगों से रामकृपाल यादव को वोट देकर विजयी बनाने का आग्रह करते हुए कहा कि उनकी जीत यहा के लोगों के लिए सम्मान की बात होगी। राजग प्रत्याशी रामकृपाल ने कहा कि उन्होंने निष्ठापूर्वक अपने क्षेत्र के लोगों के लिए काम किया है। बाबजूद अगर इस दौरान कोई कमी रह गई हो तो वे इसके लिए क्षमाप्रार्थी हैं। सभा को राज्यसभा सासद रामनाथ ठाकुर, पूर्व विधायक अरूण माझी, जदयू के वरिष्ठ नेता नागमणि, नागेंद्र प्रसाद सिंह, वाल्मीकि सिंह, पूर्व जिप अध्यक्ष नूतन पासवान, मुखिया संगीता देवी समेत अन्य लोगों ने संबोधित किया। इस मौके पर जदयू के वरिष्ठ नेता डॉ. निहोरा प्रसाद यादव, पूर्व विधायक धर्मेद्र प्रसाद, पूर्व विधायक सतीश कुमार, प्रखंड प्रमुख सोहाना जेवी खातून, ललन आजाद समेत अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे। अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष वेद प्रकाश ने की।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप