बांकीपुर उपचुनाव में एक्टिव हुए पूर्व CM नीतीश कुमार, जदयू नेताओं के साथ बैठक कर लिया फीडबैक
नीतीश कुमार ने पटना में बांकीपुर उपचुनाव के लिए जदयू नेताओं संग बैठक की, चुनावी अभियान और संगठनात्मक तैयारियों की ...और पढ़ें

पूर्व सीएम नीतीश कुमार। फाइल फोटो
HighLights
नीतीश कुमार ने बांकीपुर उपचुनाव अभियान की समीक्षा की।
कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर सक्रिय रहने के निर्देश दिए।
एनडीए प्रत्याशी की रिकॉर्ड जीत का विश्वास व्यक्त किया।
राज्य ब्यूरो, पटना। जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने रविवार को पटना स्थित अपने आवास पर बांकीपुर उप चुनाव को ले जदयू के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक की। उन्होंने चुनाव को ले चल रहे अभियान का फीडबैक लिया।
यह निर्देश दिया कि कार्यकर्ताओं के साथ निरंतर संवाद बनाए रखें। सभी नेताओं से बूथ स्तर तक संगठन को और अधिक सक्रिय बनाने तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों को आम जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने पर जोर दिया।
नीतीश ने चुनावी गतिविधियों, संगठनात्मक तैयारियों तथा जनसंपर्क अभियान की विस्तृत समीक्षा की एवं फीडबैक लिया। उन्होंने सभी नेताओं को दिशा-निर्देश देते हुये कहा कि वे चुनाव प्रचार के अंतिम क्षण तक एवं ईवीएम सील होने तक पूरी सक्रियता, समर्पण और संगठनात्मक मजबूती के साथ कार्य करें। प्रत्येक मतदाता तक एनडीए सरकार की विकसोन्मुखी सोच, सुशासन, सामाजिक न्याय एवं जनकल्याण के संकल्प को पहुंचाएं।
बैठक में पार्टी के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद संजय झा, उप-मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, मंत्री श्रवण कुमार, अशोक चौधरी, जमा खान, सुनील कुमार, विधान परिषद में पार्टी के उपनेता ललन सर्राफ, विधायक सह बांकीपुर विधानसभा उप-चुनाव में जदयू से प्रभारी अरुण मांझी तथा इरशाद अली आजाद उपस्थित थे।
प्रचार अभियान का लिया फीडबैक
नीतीश कुमार ने सभी नेताओं से क्रमवार विस्तृत चर्चा की और प्रत्येक नेता से बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में चल रहे चुनाव प्रचार अभियान, संगठन की सक्रियता, विभिन्न क्षेत्रों में जनसंपर्क कार्यक्रमों, मतदाताओं के रुझान तथा स्थानीय स्तर पर प्राप्त हो रहे जनसमर्थन की जानकारी ली।
उन्होंने चुनाव प्रचार के दौरान जनता से प्राप्त सुझावों एवं फीडबैक को भी गंभीरता से सुना तथा चुनाव अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
नेताओं ने जताया जीत का भरोसा
बैठक में उपस्थित नेताओं ने क्षेत्र में किए जा रहे चुनाव प्रचार, जनसंपर्क अभियान तथा विभिन्न सामाजिक वर्गों के बीच मिल रहे सकारात्मक समर्थन की जानकारी नीतीश कुमार के साथ विस्तार से साझा की।
सभी नेताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि एनडीए प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा को बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र की जनता का व्यापक समर्थन हासिल हो रहा है और चुनाव में उन्हें रिकॉर्ड मतों से जीत मिलेगी।
इस दौरान चुनावी रणनीति को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया गया। साथ ही आगामी दिनों में प्रचार अभियान को और अधिक व्यापक एवं प्रभावी बनाने, समाज के सभी वर्गों तक पहुंच सुनिश्चित करने तथा कार्यकर्ताओं के समन्वित प्रयासों के माध्यम से चुनाव अभियान को नई गति देने पर विशेष जोर दिया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।