विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 03, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Nitish Kumar: 'अगले साल जुलाई तक...', नीतीश कुमार का किसानों के लिए बड़ा एलान; वर्षों की परेशानी होगी दूर

Published: Wed, 03 Jul 2024 06:06 PM (IST)

Bihar Politics बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किसानों के हक में फैसला लेते हुए अधिकारियों को विधानसभा चुनाव 2025 ...और पढ़ें

नीतीश कुमार ने किसानों के लिए कर दिया बड़ा एलान (जागरण)
नीतीश कुमार ने किसानों के लिए कर दिया बड़ा एलान (जागरण)

HighLights

  1. नीतीश कुमार ने अगले साल जुलाई तक के लिए अधिकारियों को बड़ा टास्क दिया है।
  2. सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि हिंसा की 60 प्रतिशत घटनाएं जमीन विवाद की देन।
  3. मुख्यमंत्री ने कहा-सर्वेक्षण संबंधी काम जितना जल्दी पूरा हो जाएगा, जमीन विवाद समाप्त होगा

राज्य ब्यूरो, पटना। Bihar Political News Today: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग को अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले भूमि सर्वेक्षण पूरा करने का टास्क दिया है। उन्होंने कहा कि जुलाई 2025 तक अगर भूमि सर्वेक्षण हो जाता है तो यह राज्य की बड़़ी उपलब्धि होगी। भूमि विवाद समाप्त होगा।

समाज में शांति आएगी, क्योंकि हिंसा की 60 प्रतिशत घटनाएं भूमि विवाद से जुड़ी होती हैं। नीतीश कुमार ने बुधवार को संवाद भवन में नवनियुक्त सर्वेकर्मियों को नियुक्ति पत्र देने के बाद समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने 9888 सर्वेकर्मियों की एकमुश्त नियुक्ति पर प्रसन्नता प्रकट की।

हमने 2005 में सत्ता में आने के साथ ही भूमि विवाद समाप्त करने का प्रयास किया: नीतीश कुमार

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) ने कहा कि 2005 में सत्ता में आने के साथ ही उन्होंने भूमि विवाद समाप्त करने का प्रयास शुरू कर दिया था। पहला लक्ष्य यह था कि भूमि का स्वामित्व निर्धारित हो। इसके लिए भूमि सर्वेक्षण शुरू किया गया। 2013 में जमीन की एरियल फोटोग्राफी की गई। यह इसकी शुरुआत थी।

नवनियुक्त सर्वेकर्मियों से तेजी से सर्वेक्षण कार्य करने के निर्देश

उन्होंने नवनियुक्त सर्वेकर्मियों से अपेक्षा की कि वे मन लगाकर तेजी से सर्वेक्षण कार्य को पूरा करेंगे। उन्होंने विभागीय मंत्री डा. दिलीप जायसवाल और अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार सिंह से कहा कि जुलाई 2025 तक सर्वेक्षण पूरा कर लें।

उन्होंने इसके लिए अपर मुख्य सचिव से हाथ जोड़ कर विनती भी की। नीतीश कुमार ने कहा कि कई बार भूमि सर्वेक्षण की अंतिम तिथि तय की गई। हम उम्मीद करते हैं कि विधानसभा चुनाव से पहले यह काम हो जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा-सर्वेक्षण संबंधी काम जितना जल्दी पूरा हो जाएगा, जमीन विवाद समाप्त होगा और लोग आपस में शांति से रहेंगे।

 कुल 9 हजार 888 को मिला नियोजन

विशेष भूमि सर्वेक्षण के लिए 9888 संविदाकर्मियों को नियोजित किया गया है। इनमें 353 विशेष सर्वेक्षण सहायक बंदोबस्त पदाधिकारी, 758 कानूनगो, 742 विशेष सर्वेक्षण लिपिक एवं 8035 विशेष सर्वेक्षण अमीन हैं। मुख्यमंत्री ने सांकेतिक रूप से 20 एवं राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डा. दिलीप जायसवाल ने पांच अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिया। समारोह में कुल 75 नियुक्ति पत्र बांटे गए। जिलों में प्रभारी मंत्रियों ने नियुक्ति पत्र वितरित किया।

इन सबने संबोधित किया

विभागीय मंत्री डा. जायसवाल अपने संबोधन में मुख्यमंत्री को भरोसा दिया कि तय समय पर सर्वेक्षण पूरा हो जाएगा। अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार सिंह ने हरित पौधा देकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। समारोह में मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव ब्रजेश मेहरोत्रा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डा. एस सिद्धार्थ, सचिव अनुपम कुमार, विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे। वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से जिलों के प्रभारी मंत्री और जिलाधिकारी जुड़े थे।

ये भी पढ़ें

Bihar Teacher Salary: बिहार में शिक्षकों का जुलाई का वेतन कैसे बनेगा? नई जानकारी आई सामने; लापरवाही से कटेगी सैलरी

Bihar Teacher News: उपस्थिति बनाने के लिए खेत और छत पर भटक रहे गुरुजी, शिक्षा विभाग के नए नियम ने किया शिक्षकों को परेशान