विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 08, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Bihar Politics: 'युवा पीढ़ी को बताएं क्या था जंगलराज?' नीतीश की बुजुर्गों से अपील, लालू-राबड़ी पर भी किया अटैक

Published: Mon, 08 Apr 2024 12:22 AM (IST)

Lok Sabha Elections 2024 नवादा में पीएम मोदी की जनसभा को संबोधित करते हुए नीतीश कुमार ने बुजुर्गों से अपील ...और पढ़ें

नवादा के चुनावी जनसभा में लालू-राबड़ी पर बरसे नीतीश कुमार। (फाइल फोटो)
नवादा के चुनावी जनसभा में लालू-राबड़ी पर बरसे नीतीश कुमार। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. नई पीढ़ी को जंगलराज के बारे में बताएं बुजुर्ग
  2. नवादा में आयोजित चुनावी सभा में बोले नीतीश कुमार

राज्य ब्यूरो, पटना। पहले चरण के लोकसभा चुनाव में नवादा संसदीय क्षेत्र के लोगों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुजुर्गों से अपील की है कि वे नई पीढ़ी को जंगलराज के बारे में बताएं। नई पीढ़ी उस दौर को भूल चुकी है। इसलिए आज के 25-30 साल के नौजवानों को बताएं कि कैसे उस समय शाम होते ही लोग घरों में कैद हो जाते थे। महिलाएं घरों से बाहर नहीं निकलती थी। आज सभी बेरोकटोक घूम रहे हैं।

नवादा के कुंतीनगर मैदान में भाजपा प्रत्याशी विवेक ठाकुर के समर्थन में आयोजित चुनावी सभा में मुख्यमंत्री के निशाने पर विपक्षी दल रहे। उन्होंने लोगों को याद दिलाते हुए कहा कि वर्ष 2005 के पहले बिहार में क्या हाल था। पीएचसी में एक महीने में 39 मरीज आया करते थे। आज एक हजार से अधिक लोग उपचार करा रहे हैं।

जिन पति-पत्नी को राज करने का मौका दिया...

15 वर्ष तक जिन पति-पत्नी को आप लोगों ने राज करने का मौका दिया तो उन्होंने कुछ नहीं किया। गलती से कुछ दिनों तक सरकार में रहने का मौका दिया तो दावा कर रहे हैं कि हमने काम किया। वे क्या काम करेंगे। जब काम करने मौका मिला तो कुछ नहीं किए थे।

हिंदू-मुस्लिम में कितना झगड़ा होता था: नीतीश 

मुख्यमंत्री ने कहा कि याद करिए पहले हिंदू-मुसलमान में कितना झगड़ा होता था। हमारे कार्यकाल के 18 वर्षों में कहीं भी झगड़ा-झंझट नहीं हुआ। हमने कब्रिस्तानों की घेराबंदी कराई। आठ हजार कब्रिस्तानों की घेराबंदी हो चुकी है।

पुराने मंदिरों की भी चारदीवारी की जा रही है। हर घर बिजली पहुंचाई। हर घर नल से जल मिल रहा है। शौचालय बनाए। पक्की नली-गली बनाई। गांवों को पक्की सड़क से जोड़ा गया।

अब तक आठ लाख को दी नौकरी

विपक्षी दलों द्वारा नौकरी दिए जाने के दावे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि जब से सरकार में आए हैं, तब से अब तक आठ लाख लोगों को सरकारी नौकरी दिया है। लाखों लोगों को रोजगार मिला है।

2020 में हमने कहा था कि 10 लाख को नौकरी दी जाएगी। अब तक चार लाख को नौकरी दी जा चुकी है। एक लाख को नौकरी देने की प्रक्रिया चल रही है। जल्द ही तीन लाख और नौकरी की प्रक्रिया शुरू होगी। अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के पहले 10 लाख लोगों को नौकरी दे दी जाएगी।

बिहार के विकास में केंद्र सरकार कर रही भरपूर सहयोग

मुख्यमंत्री ने कहा कि हम मिल-जुलकर बिहार को आगे बढ़ा रहे हैं। गया, नवादा, नालंदा में पेयजल का संकट था। इन जिलों में गंगाजी का पानी पहुंचाया गया। बिहार के विकास में केंद्र सरकार का भरपूर सहयोग मिल रहा है।

प्रधानमंत्री को आश्वस्त करते हुए नीतीश ने कहा कि अब कहीं नहीं जाएंगे। भविष्य में कभी आपका साथ नहीं छोड़ेंगे। अब कहीं नहीं जाएंगे। उन्होंने लोगों से विवेक ठाकुर को बंपर वोटों से विजयी बनाने की अपील की।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।