MLA नितिन नवीन ने प्रकाश झा की फिल्म 'जय गंगाजल' पर रोक लगाने की मांग की
भाजपा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री और बांकीपुर विधायक नितिन नवीन ने प्रकाश झा की नई फिल्म 'जय गंगाजल' के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने सूचना एवं प्रसारण मंत्री और सेंसर बोर्ड से फिल्म के प्रसारण पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है।
पटना। भाजपा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री और बांकीपुर विधायक नितिन नवीन ने प्रकाश झा की नई फिल्म 'जय गंगाजल' के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने सूचना एवं प्रसारण मंत्री और सेंसर बोर्ड से फिल्म के प्रसारण पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है।
प्रदेश भाजपा कार्यालय में एक प्रेस कांफ्रेंस में विधायक नवीन ने कहा कि इस संबंध में मैंने केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री, सेंसर बोर्ड और प्रकाश झा को पत्र लिखकर फिल्म पर अविलंब प्रतिबंध लगाने की मांग की है। सेंसर बोर्ड ने फिल्म के प्रसारण पर रोक नहीं लगाई तो इस मामले को लेकर मैं अदालत की शरण में भी जा जाऊंगा।
उन्होंने कहा कि फिल्म के प्रोमो में बांकीपुर के विधायक की जिस तरह की छवि प्रस्तुत की गई है, वह यहां की जनता का अपमान है। नवीन ने कहा कि प्रकाश झा को समझना चाहिए कि बांकीपुर नाम से देश में कोई दूसरा विधानसभा क्षेत्र नहीं है। आज का पटना ही किसी जमाने में बांकीपुर नाम से जाना जाता था। वह बांकीपुर की अस्मिता के साथ कोई खिलवाड़ नहीं होने देंगे।
नितिन नवीन ने कहा कि प्रकाश झा अपनी फिल्मों को हिट कराने और सस्ती लोकप्रियता हासिल करने के लिए इस तरह के हथकंडे पहले भी अपनाते रहे हैं। इस बार वे उन्हें ऐसा नहीं करने देंगे। उनका मानना है कि फिल्म से उनकी छवि खराब होगी। नितिन नवीन के अनुसार, जरूरी हुआ तो वे इस मामले को अदालत में भी ले जाएंगे।
क्या है फिल्म में ?
फिल्म में बांकीपुर जिले की कहानी दिखाई गई है। उसके विधायक को बाहुबली बताया गया है। फिल्म यह भी कहती है कि बांकीपुर का विधायक गैरकानूनी काम करता है। वहां क्राइम कंट्रोल के लिए महिला एसपी आभा ठाकुर (प्रियंका चोपड़ा) को भेजा जाता है।
नितिन नवीन के अनुसार, फिल्म में उनके जीवन की रीयल लाइफ सिमिलरिटी को गलत तरीके से प्रस्तुत कर उनकी छवि खराब करने की कोशिश की गई है। इसके लिए उन्होंने प्रकाश झा को लीगल नोटिस भेजा है। अगर इससे बात नहीं बनी तो कोर्ट भी जाएंगे।
यह है विवाद का कारण
- फिल्म में बांकीपुर के विधायक को बाहुबली दिखाया गया है। वह गैरकानूनी तरीके से विधायक बनता है।
- फिल्म में कई बार बांकीपुर विधान सभा की चर्चा की गई है। नितिन नवीन को फिल्म में स्थानीय विधायक को अपराधी करारा देने पर आपत्ति है।
- फिल्म में दबंग विधायक कहता है कि वह यहां से चार बार से जीत चुका है और और आगे भी जीतता रहेगा।दबंग विधायक की यह बात नितिन नवीन की ओर इशारा करती हैं।