'राहुल गांधी विदेशी टूलकिट गैंग के मोहरा, देश के खिलाफ कर रहे काम', नितिन नवीन का विपक्ष पर हमला
भाजपा नेता नितिन नवीन ने राहुल गांधी को विदेशी टूलकिट गैंग का मोहरा बताया, उन पर देश के विकास में बाधा डालने का आरोप लगाया।

कुम्हरार सेवा पोर्टल का लोकार्पण करते भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन। (सोशल मीडिया)
HighLights
कुम्हरार सेवा सहायता पोर्टल का लोकार्पण किया।
राहुल गांधी को विदेशी टूलकिट गैंग का मोहरा बताया।
विपक्ष पर चुनाव आयोग को बदनाम करने का आरोप।
जागरण संवाददाता, पटना। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने शनिवार को राजधानी के कुम्हरार विधानसभा क्षेत्र की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए कुम्हरार सेवा सहायता पोर्टल, आपका विधायक आपके साथ का लोकार्पण किया।
इस दौरान उन्होंने कहा कि कुछ ऐसी शक्तियां भी देश में मौजूद हैं जो भारत के विकास को पचा नहीं पा रही हैं और उन्हें देश की प्रगति चुभ रही है।
वैश्विक संकट के बावजूद विकास कर रहा भारत
भारत एकमात्र ऐसा देश है जो वैश्विक संकट के बावजूद निरंतर विकास कर रहा है। लेकिन, विश्व की कई ऐसी ताकतें हैं, जिन्हें भारत का यह उत्थान पसंद नहीं आ रहा है, उनका टूलकिट बनकर कोई और नहीं बल्कि देश के विपक्ष के नेता राहुल गांधी और उनकी टीम काम कर रही है। राहुल गांधी और विपक्ष के साथियों के मंसूबों व नियत को देश की जनता कभी पूरा नहीं होने देगी।
उन्होंने कहा कि विपक्षी दल हिमाचल प्रदेश, तमिलनाडु, केरल आदि में चुनाव जीतते हैं तब उन्हें चुनाव आयोग से कोई आपत्ति नहीं होती, लेकिन बिहार और बंगाल जैसे राज्यों में चुनाव हारते ही पराजय का सारा दोष चुनाव आयोग पर मढ़ देते हैं।
यह चोर मचाए शोर वाली स्थिति है, क्योंकि जिन लोगों ने हमेशा बंदूक की नोक पर बूथ और बैलेट लूटने का काम किया, वे ही आज फिर से मतपत्रों से चुनाव कराने की मांग कर रहे हैं ताकि बिहार को एक बार फिर उसी जंगलराज के दौर में धकेला जा सके, जिसमें बूथ लूटे जाते थे। इस मौके पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष संजय सरावगी, कुम्हरार विधायक संजय गुप्ता, डॉ. शांति राय आदि मौजूद थीं।
