प्लेसमेंट के मामले में करोड़पति हुआ एनआइटी, जॉब ऑफर लेकर पटना पहुंच रहीं कई नामी कंपनियां
वर्ष 2017-18 में औसत पैकेज था 07.71 लाख रुपये 2021-22 में 12.91 लाख। फेसबुक ने इलेक्ट्रानिक्स की अदिति को दिया एक करोड़ 60 लाख का पैकेज। अमेजन ने कंप्यूटर साइंस के अभिषेक को दिया एक करोड़ छह लाख का पैकेज
नलिनी रंजन, पटना। राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान, पटना (NIT, Patna) अब प्लेसमेंट के मामले में करोड़पति साबित हो गया है। वर्ष 2022 में संस्थान के दो छात्रों को एक करोड़ से अधिक का जाॅब आफर किया गया है। इसमें फेसबुक ने इलेक्ट्रानिक्स की अदिति को एक करोड़ 60 लाख रुपये का पैकेज दिया, जबकि अमेजन ने कंप्यूटर साइंस के अभिषेक कुमार को एक करोड़ छह लाख का पैकेज दिया है। इससे एनआइटी पटना का देश भर में नाम रौशन हुआ है। संस्थान को लेकर छात्रों में भरोसा बढ़ा है।
पूर्व की अपेक्षा वर्ष 2021 के राष्ट्रीय संस्थागत रैंकिंग फ्रेमवर्क (एनआइआरएफ) में भी सुधार हुआ है। इससे यहां अच्छी कंपनियां भी आ रही हैं। वर्ष 2018 में 55-60 कंपनियां आती थीं, जो 2022 में बढ़कर 140 हो गईं। यहां के औसत पैकेज में भी सुधार हुआ है। पहले सात लाख 71 हजार था, जो अब 12 लाख 91 हजार तक पहुंच गया है। पहले जाब आफर भी 92 प्रतिशत था। यह बढ़कर 130 प्रतिशत तक पहुंच गया है।
कंप्यूटर इंजीनियरिंग और इलेक्ट्रोनिक्स की डिमांड अधिक
बीते पांच वर्षों के जाब आफर पर ध्यान दें तो संस्थान में सबसे अधिक कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग (CSE) व इलेक्ट्रानिक्स इंजीनियर की डिमांड है। वर्ष 2018 में कंप्यूटर साइंस में 80 ने जाब के लिए रजिस्टर किया और 94 आफर मिले। वर्ष 2022 में कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग में 158 ने प्लेसमेंट के लिए रजिस्टर किया। इन्हें 289 प्लेसमेंट के आफर दिए गए। इलेक्ट्रोनिक्स में 114 ने रजिस्टर कराया, इसमें 186 आफर मिले।
इस वर्ष और बेहतर होगी रैंकिंग
एनआइटी, पटना के निदेशक प्रो. प्रदीप कुमार जैन बताते हैं कि वर्ष 2018 में संस्थान की एनआइआरएफ रैंकिंग 184 थी, यह 2021 में 72 पर आ गई है। इस वर्ष आने वाली रैंकिंग में भी और सुधार दिखेगी। पूरी टीम वर्क के बेहतर होने के कारण संस्थान की शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार आया है। प्लेसमेंट के लिए बड़ी कंपनियां आ रही हैं। पैकेज भी बढ़े हैं। इससे संस्थान के प्रति छात्रों में काफी उत्साह बढ़ा है।