जमीन से सोशल मीडिया तक; हर मंच पर दिख रहे निशांत कुमार, जदयू ज्वाइन करते ही हुए सक्रिय, क्या हैं संकेत?
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार जदयू में शामिल होने के बाद से काफी सक्रिय हो गए हैं। वे ...और पढ़ें

हज भवन में आयोजित इफ्तार पार्टी में पिता नीतीश कुमार के साथ निशांत कुमार।
HighLights
जदयू कार्यालय में कार्यकर्ताओं से मिले, समस्याएं सुनीं।
सोशल मीडिया पर सक्रिय, मुख्यमंत्री के कार्यों का प्रचार।
राजनीतिक कार्यक्रमों, इफ्तार पार्टी में भी उपस्थिति दर्ज।
राज्य ब्यूरो, पटना। लंबे समय तक राजनीति से दूर रहे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत की जदयू में शामिल होते ही सक्रियता बढ़ गई है।
आठ मार्च को JDU की सदस्यता ग्रहण करने के तीन दिन बाद वे जदयू कार्यालय में पहुंचे। पौने दो घंटे तक वहां रुके। कार्यकर्ताओं के अलावा वहां काम कर रहे कर्मचारियों से बातचीत की। उनकी समस्याएं सुनी।
लोगों से अपील की कि वे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यों का प्रचार करें। आगे बढ़ाएं। इसके अलावा प्रतिदिन दल के नेताओं-कार्यकर्ताओं से मिल रहे हैं।

(इफ्तार पार्टी में लोगों से मिलते निशांत।)
फेसबुक पर ज्यादा सक्रिय हैं नीतीश कुमार के पुत्र
सोशल मीडिया पर भी उनकी सक्रियता बढ़ी है। फेसबुक पर उनके दोस्ताें की संख्या अभी 43 सौ है। एक्स हैंडल पर उनकी सक्रियता अभी कम है।
दर्जन भर विधायकों ने टीम निशांत का गठन किया है। एक दो दिन निशांत इस टीम की सलाह पर चले।अब वे स्वतंत्र ढंग से पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं से मिल रहे हैं। इन गतिविधियों को वे अपने फेसबुक पर भी पोस्ट कर रहे हैं।
1994 के एतिहासिक कुर्मी चेतना रैली के आयोजक पूर्व विधायक सतीश कुमार का 10 मार्च काे पटना में निधन हो गया।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार उनका अंतिम दर्शन करने नहीं जा सके। निशांत गए। कुछ देर के लिए शवयात्रा में भी शामिल हुए। वहां उनकी कई लोगों से मुलाकात हुई। जदयू के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष आरसीपी सिंह से भी भेंट हुई।

(निशांत ने अपने फेसबुक पेज पर अलग-अलग नेताओं के साथ डाली हैं तस्वीरें।)
फेसबुक पर करते हैं पोस्ट
निशांत कुमार अब अपनी हरेक गतिविधि को फेसबुक पर पोस्ट करते हैं। अपने पैतृक गांव कल्याणपुर की यात्रा, जदयू के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष बशिष्ठ नारायण सिंह से मुलाकात के अलावा कई शादी-विवाह समारोहों की तस्वीरें उनके फेसबुक पर है।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा में जाने पर उन्हें फेसबुक पर बधाई दी। उन्होंने अपने बधाई संदेश में लिखा-एक बेटे के रूप में मुझे गर्व है कि आपने हमेशा बिहार की सेवा को सर्वोपरि रखा और उसी समर्पण के साथ आगे भी प्रदेश और देश की सेवा करते रहेंगे।
विधायकों से मुलाकात
निशांत के फेसबुक पर जदयू के आधिकारिक फेसबुक पेज को टैग किया जा रहा है। निशांत मिलने आए लोगों का ब्यौरा भी पोस्ट करते हैं।
सांसद सुनील कुमार, विधायक मनोरमा देवी, रामानंद मंडल और बब्लू मंडल ने उनसे मुलाकात की थी। तस्वीर के साथ यह ब्यौरा उनके फेसबुक पर है।
जदयू के फेसबुक पर नारा लिखा गया है-शांत....सरल पर मजबूत इरादे, निशांत कुमार। करोड़ों बिहारियों से जोड़ रहे अपनत्व के धागे।
निशांत पांच दिन पहले कल्याण बिगहा गए थे। इस दौरान वहां इंडोर शूटिंग रेंज में निशानेबाजी का अभ्यास किया। इस तस्वीर को भी उन्होंने पोस्ट किया है।
इफ्तार की दावत में भी पहुंचे निशांत
मंगलवार को जदयू की राज्य इकाई की ओर से हज भवन में इफ्तार की दावत दी गई थी। उसमें निशांत कुमार अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री जमा खान के साथ पहुुंचे।
उन्होंने अल्पसंख्यक समाज के नेताओं से मुलाकात की। देर तक वहां रहे। किसी राजनीतिक दल की ओर से दी गई ऐसी दावत में निशांत की पहली उपस्थिति थी।