नाइजीरियाई गायक ने गाया ‘लगावेलू तू लिपिस्टिक’, VIDEO वायरल
नाइजीरिया के एक गायक सैमुअल सिंह भोजपुरी गीत 'लगावेलू तू लिपिस्टिक' को अपनी आवाज में गा रहे हैं। इसका एक वीडियो यू ट्यूब पर अपलोड किया गया है, जिसे काफी लोग देख चुके हैं।
पटना [जेएनएन]। भोजपुरी के जाने-माने गायक पवन सिंह आज पटना में हैं। इनका एक सुपर हिट गाना 'लगावेलू तू लिपिस्टिक' सात समंदर पार तक प्रसिद्धि हासिल कर चुका है। अब नाइजीरिया के एक गायक सैमुअल सिंह इस गीत को अपने स्वर में लेकर आए हैं। इसका वीडियो यूट्यूब पर एक जुलाई को अपलोड किया गया है। तब से इसे करीब 50 हजार लोग देख चुके हैं। यह वीडियो सोशल साइट्स पर खूब वायरल हो रही है।
नाईजीरिया के एक युवा गायक और संगीतकार सैमुअल सिंह का यूट्यूब चैनल भारत में चर्चा का विषय बन गया है क्योंकि इस चैनल पर सैमुअल भारतीय भाषाओं के गीत गाते नजर आ रहे हैं। सैमुअल ने इस चैनल को बनाने का मकसद अपना भारत देश और यहां के गीत संगीत से प्यार को बताया।
सैमुअल कहते हैं कि मैं कुछ साल पहले कैंसर के इलाज के लिए नाईजीरिया से भारत आया था। यहां मैं राजस्थान में कुछ समय रहा, यहां 6 महीने इलाज के दौरान मैंने कई भारतीय लोगों से दोस्ती की और मुझे यहां के गीत संगीत में अदभुत बात नजर आई।
सैमुअल आगे बताते हैं कि मेरे कैंसर के इलाज में गीत संगीत की मैं बहुत महत्ता मानता हूं तो अब मैं कोशिश कर रहा हूं कि हिन्दी गानो को अफ़्रीकी बीट्स में सजा कर पेश कर सकूं।
सैमुअल का गाया गाना ‘तू लगावेलू जब लिपिस्टिक’ खासा लोकप्रिय हो रहा है और इसे गाने वाले ओरिजनल गायक पवन सिंह को वो कमाल का सिंगर मानते हैं।
सैमुअल ने पंजाबी पॉप गायक हनी सिंह के गाने ‘ब्राउन रंग’ को भी एक अलग अंदाज में गाकर पेश किया है और इसकी वीडियो पर कई लोग उनके प्रयास की सराहना कर रहे हैं और कई लोग उनकी आलोचना भी कर रहे हैं।हालांकि उनकी कोशिश को लोग देख रहे हैं और सराह भी रहे हैं।
हनी सिंह के तर्ज पर उन्होनें अपना नाम भी सैमुअल सिंह कर लिया है लेकिन क्या वो भारत में किसी रिकॉर्ड कंपनी को मना पाएंगे, कहना मुश्किल है.