पटना निफ्ट के नए ऑडिटोरियम में दिखेगा फैशन का जलवा, 550 दर्शकों की क्षमता वाला होगा भव्य रनवे
पटना निफ्ट परिसर में बिहार राज्य आधारभूत संरचना विकास प्राधिकरण द्वारा अत्याधुनिक ऑडिटोरियम का निर्माण किया जा रहा है। यह ...और पढ़ें

फैशन शो से लेकर सांस्कृतिक आयोजनों तक होगा उपयोग
HighLights
निफ्ट पटना में 550 सीटों वाला अत्याधुनिक ऑडिटोरियम बन रहा।
फैशन शो, डिजाइन प्रदर्शनियों के लिए विशाल रनवे मिलेगा।
आधुनिक ध्वनि, प्रकाश और एलईडी डिस्प्ले सुविधाएँ होंगी।
जागरण संवाददाता, पटना। नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन टेक्नोलॉजी (निफ्ट), पटना परिसर में अत्याधुनिक ऑडिटोरियम का निर्माण कराया जा रहा है। बिहार राज्य आधारभूत संरचना विकास प्राधिकरण की ओर से इसका निर्माण कराया जा रहा है। संस्थान के निदेशक कर्नल राहुल शर्मा ने बताया कि प्रस्तावित ऑडिटोरियम में फैशन शो और डिजाइन प्रस्तुतियों के लिए विशेष रूप से विशाल रनवे तैयार किया जाएगा। इस पर विद्यार्थी अपने तैयार किए गए परिधानों, डिजाइन और कलेक्शन का प्रदर्शन कर सकेंगे।
इसके अलावा ऑडिटोरियम में बड़े एलईडी डिस्प्ले पैनल और आधुनिक ध्वनि प्रणाली की सुविधा भी उपलब्ध होगी। इससे प्रस्तुतियों, सम्मेलनों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का अनुभव बेहतर होगा।
अब तक संस्थान में फैशन शो, कार्यशालाओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन इनडोर हॉल, सेमिनार रूम और ओपन एयर थिएटर में किया जाता रहा है। नया सभागार इन सभी गतिविधियों के लिए आधुनिक और व्यवस्थित सुविधाएं उपलब्ध कराएगा। यहां विद्यार्थियों के ग्रेजुएशन कलेक्शन और रचनात्मक प्रस्तुतियों का भी आयोजन किया जा सकेगा।
फैशन शो से लेकर सांस्कृतिक आयोजनों तक होगा उपयोग
ऑडिटोरियम में राष्ट्रीय स्तर के सम्मेलन, संगोष्ठी, कार्यशाला, अतिथि व्याख्यान, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और फैशन शो आयोजित किए जा सकेंगे। निर्माणाधीन इस सभागार में 550 दर्शकों के बैठने की क्षमता होगी। पूरी तरह वातानुकूलित इस हॉल में ध्वनि नियंत्रण और आधुनिक मंच प्रकाश व्यवस्था की सुविधा रहेगी।
मॉडल की तैयारी के लिए बनेगा ग्रीन रूम और ड्रेसिंग रूम
फैशन शो को ध्यान में रखते हुए मॉडल के तैयार होने के लिए अलग ग्रीन रूम, ड्रेसिंग रूम और मेकअप क्षेत्र बनाया जाएगा। जरूरी सामग्री को व्यवस्थित रखने के लिए बैकस्टेज की सुविधा भी होगी। इससे फैशन शो के दौरान मंच के पीछे की तैयारियों से लेकर रैंप पर प्रस्तुति तक की पूरी व्यवस्था एक ही परिसर में हो सकेगी।
डिजाइन और हस्तशिल्प की भी लगेगी प्रदर्शनी
फैशन शो के साथ यहां डिजाइन प्रदर्शनी भी आयोजित की जा सकेगी। विद्यार्थी अपने तैयार किए गए परिधानों, हस्तशिल्प, टेक्सटाइल और डिजाइन प्रोजेक्ट की प्रदर्शनी लगा सकेंगे। इससे विद्यार्थियों को अपनी रचनात्मकता और प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच मिलेगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।