NIA की पटना में छापामारी में अंतरराष्ट्रीय ऑनलाइन सट्टेबाजी गिरोह का सुराग, रांची के बाद कोलकाता से भी तीन गिरफ्तार
बिहार पुलिस को एनआईए की पटना छापेमारी के दौरान महादेव एप की तर्ज पर चल रहे अंतरराष्ट्रीय ऑनलाइन सट्टेबाजी गिरोह का सुराग मिला। यह गिरोह म्यूल खातों के जरिए करोड़ों रुपये की मनी लॉन्ड्रिंग कर रहा था, जिसमें पटना, रांची और कोलकाता से नौ लोग गिरफ्तार हुए हैं।

पटना और रांची के बाद कोलकाता से भी तीन गिरफ्तार
HighLights
एनआईए की पटना छापेमारी से सट्टेबाजी गिरोह का खुलासा।
महादेव एप की तर्ज पर अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क चला रहा था।
म्यूल खातों से करोड़ों की मनी लॉन्ड्रिंग, नौ गिरफ्तार।
राज्य ब्यूरो, पटना। महादेव एप की तर्ज पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ऑनलाइन सट्टेबाजी का नेटवर्क चलाकर ठगी करने वाले गिरोह का सुराग बिहार पुलिस को राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआइए) की छापेमारी के दौरान मिला था। दरअसल, रांची के निवारणपुर स्थित आरएसएस कार्यालय पर हुए पेट्रोल बम हमले की जांच के सिलसिले में एनआइए ने सितंबर में पटना में छापेमारी की थी।
इस दौरान पत्रकार नगर स्थित साई कुसुम इंफिनिटी अपार्टमेंट में भी तलाशी ली गई थी। इसी छापेमारी के दौरान पुलिस को ऑनलाइन सट्टेबाजी गिरोह के बारे में जानकारी मिली। इसके बाद जांच का दायरा बढ़ाते हुए बिहार, झारखंड, बंगाल, उत्तर प्रदेश और दिल्ली में फैले नेटवर्क का पर्दाफाश किया गया।
पटना और रांची के बाद कोलकाता से भी तीन गिरफ्तार
बुधवार को हुई छापेमारी के बाद गुरुवार को भी इस मामले में कार्रवाई जारी रही। पटना और रांची से छह आरोपितों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने कोलकाता से तीन अन्य आरोपितों को भी गिरफ्तार किया है।
इनकी पहचान मो. शहजाद, संदीप वर्मा और आशीष साह के रूप में हुई है। तीनों को गुरुवार को कोलकाता से पटना लाकर साइबर थाने को सौंप दिया गया। इसके अलावा हिरासत में लिए गए करीब तीन दर्जन आरोपितों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस गिरफ्तार आरोपितों से गिरोह के नेटवर्क और उसके संचालन से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
म्यूल खातों के जरिए करोड़ों रुपये की मनी लांड्रिंग
ऑनलाइन सट्टेबाजी का अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क चलाने वाला गिरोह म्यूल खातों के जरिए मनी लांड्रिंग (धन-शोधन) कर ठगी की करोड़ों रुपये की रकम विदेश भेज रहा था। बिहार एसटीएफ ने इस मामले में 44 म्यूल खातों को चिह्नित किया है।
इन सभी खातों की जांच शुरू कर दी गई है। इसके अलावा गिरफ्तार और हिरासत में लिए गए आरोपितों के पास से बरामद बैंक खातों तथा 300 से अधिक क्रेडिट और एटीएम कार्ड के माध्यम से हुए लेन-देन की भी पड़ताल की जा रही है।
फर्जी फर्मों और शेल कंपनियों के खातों का इस्तेमाल
बिहार एसटीएफ की जांच में सामने आया है कि गिरोह सट्टेबाजी की रकम जमा कराने के लिए फर्जी फर्मों, शेल कंपनियों और दूसरे व्यक्तियों के नाम पर खुलवाए गए म्यूल खातों का इस्तेमाल करता था।
इन खातों में यूपीआइ और क्यूआर कोड के माध्यम से पैसे जमा कराए जाते थे। इसके बाद रकम को कई बैंक खातों में स्थानांतरित किया जाता था, ताकि लेन-देन की वास्तविक कड़ी और पैसे के स्रोत को छिपाया जा सके।
कई स्तरों पर रकम भेजकर विदेश में खपाई जाती थी राशि
जांच के अनुसार, अलग-अलग खातों के जरिए रकम का लेन-देन करने के बाद उसे विदेश भेज दिया जाता था। गिरोह इस माध्यम से दुबई समेत अन्य देशों में करोड़ों रुपये की राशि पहुंचा रहा था।
एसटीएफ अब चिह्नित म्यूल खातों, बैंकिंग लेन-देन और बरामद कार्डों की जांच के जरिए गिरोह के वित्तीय नेटवर्क तथा विदेश में जुड़े संपर्कों का पता लगाने में जुटी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।