दहेज के लिए नवविवाहिता की चाकू से गोद और चार्जर के तार से गला दबाकर हत्या
दहेज की खातिर पटना में चाकू से गोदकर नवविवाहिता को उतारा मौत के घाट उतार दिया।
पटना। कदमकुआं थाना इलाके के राजेंद्रनगर रोड नंबर तीन में दहेज की खातिर बेरहमी से ससुरालवालों ने नवविवाहिता की हत्या कर दी। उसे चाकू से गोदकर और चार्जर के तार से गला दबाकर मार डाला गया। हत्या का आरोप पति, ससुर, चचेरी सास और उनके दो बेटों पर लगा है। इस संबंध में मृतका के भाई नीतीश ने कदमकुआं थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने त्वरित गति से कार्रवाई करते हुए मौके से पति अमित और ससुर सुनील सिंह को गिरफ्तार कर लिया। जबकि चचेरी सास माया देवी और उनके दोनों बेटे राजू और गुड्डू मौके से फरार हो गए। पुलिस फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। आरोपितों में मृतका की चचेरी सास माया देवी मसौढ़ी की जदयू एमएलए पूनम देवी की बहन हैं। घटना सोमवार की रात एक बजे की है। घटनास्थल से पुलिस ने खून से सनी चाकू और चार्जर का तार बरामद किया है।
मृतका के भाई नीतीश ने बताया कि उसकी बहन गर्भवती थी। तीन महीने पहले जबरन ससुरालवालों ने उसका गर्भपात करा दिया था।
जानकारी के मुताबिक बेउर थाने के हसनपुरा निवासी नीतीश कुमार अपनी बहन अनामिका की शादी साल 2018 में 22 जून को राजेंद्र नगर रोड नंबर तीन (मूल रूप से पुनपुन थाने के अलाउद्दीन चक) के निवासी अमित कुमार के साथ धूमधाम से की थी। दान-दहेज और बारातियों की आवभगत भी अपने सामर्थ्य से ज्यादा की थी। लड़के को महंगी बलेनो कार भी दी थी। इसके बावजूद ससुरालवाले हमेशा कुछ-न-कुछ मांगते रहते। नहीं देने पर अनामिका के साथ मारपीट की जाती। उसे तरह-तरह से प्रताड़ित किया जाता। नीतीश ने बताया कि उसके पिता की मौत हो चुकी थी। लिहाजा उसने अपनी बहन को पिता की कमी नहीं खले इसलिए सीमा से अधिक शादी में खर्च किया था। उसका पति अमित प्रतिदिन शराब पीकर उसकी बहन को मारता था। अमित अपने मकान के नीचे माया मेडिकल नाम की दुकान चलाता है। उसकी मां की मौत पहले ही हो चुकी है। जबकि उसकी बहन की चचेरी सास माया देवी के पति पहले ही गुजर चुके हैं। माया देवी और उनके बेटे हमेशा उसकी बहन के साथ मारपीट करते थे।
: जल्दी आइए और फोन काट दिया : मृतका के भाई ने बताया कि सोमवार की रात एक बजे उनके मोबाइल पर कॉल आया। रिसीव करने पर बहन के ससुर सुनील सिंह ने कहा कि जल्दी आइए और फोन काट दिया। जब वह बहन के घर पहुंचे तो सन्न रह गए। उसका शव जमीन पर पड़ा था। सिर से खून की धार निकल रही थी। गले पर गहरा गोल काला निशान था। पास में ही खून लगी चाकू और चार्जर का तार पड़ा हुआ था। सिर पर कई जगह छेद थे। सूचना के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को जब्त कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। साथ ही घटनास्थल से बरामद सामान भी अपने साथ ले गई।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप