विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पटना में नए बायपास निर्माण का प्रस्ताव तैयार, बिहटा जाने वाले वाहनों को पालीगंज घुसने की नहीं पड़ेगी जरूरत 

Published: Thu, 21 May 2026 06:49 AM (IST)

पालीगंज के निकट धरहरा से फतेहपुर के बीच दूसरे बाईपास निर्माण का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इससे पालीगंज बाजार ...और पढ़ें

पटना में नए बायपास का प्रस्ताव तैयार। फाइल फोटो

पटना में नए बायपास का प्रस्ताव तैयार। फाइल फोटो

HighLights

  1. धरहरा-फतेहपुर के बीच दूसरे बाईपास का प्रस्ताव।

  2. पालीगंज बाजार में भीषण जाम से मिलेगी राहत।

  3. बिहटा से आने वाले वाहन सीधे एसएच-69 पर।

अजय कुमार, पालीगंज। पालीगंज क्षेत्र के निवासियों के लिए एक महत्वपूर्ण राहत की खबर आई है। पालीगंज के निकट धरहरा से फतेहपुर के बीच दूसरे बाईपास के निर्माण का प्रस्ताव तैयार किया गया है।

इस बाईपास के निर्माण से बिहटा की ओर से आने वाले वाहनों को पालीगंज बाजार में प्रवेश करने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी, जिससे वाहन सीधे एसएच-69 पर पहुंच जाएंगे। इससे पालीगंज बाजार में प्रतिदिन लगने वाले भीषण जाम से लोगों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।

पालीगंज बाजार में हर दिन सुबह से लेकर देर शाम तक जाम की समस्या बनी रहती है। बिहटा, किंजर, जहानाबाद, अरवल, औरंगाबाद, सासाराम और भोजपुर जिले की ओर जाने वाले हजारों छोटे-बड़े वाहन पालीगंज बाजार होकर गुजरते हैं।

ट्रकों, बसों और अन्य भारी वाहनों की लगातार आवाजाही के कारण सड़कें अक्सर जाम हो जाती हैं। कई बार लोगों को घंटों तक जाम में फंसे रहना पड़ता है, जिससे आमजन के साथ-साथ व्यापारियों और मरीजों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

कई जिलों को फायदा

धरहरा से फतेहपुर के बीच प्रस्तावित बाईपास बनने के बाद बिहटा की ओर से आने वाले वाहन पहले ही एसएच-69 पर चले जाएंगे। इससे बाजार क्षेत्र में वाहनों का दबाव काफी कम होगा।

पालीगंज में पहले से मौजूद बाईपास के साथ यह दूसरा बाईपास पूरे क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को और मजबूत करेगा। खासकर लंबी दूरी तय करने वाले वाहनों को काफी सुविधा मिलेगी और समय के साथ ईंधन की भी बचत होगी।

दूसरे बाईपास के निर्माण से पालीगंज सहित किंजर, जहानाबाद, औरंगाबाद, अरवल, सासाराम और भोजपुर जिले के लाखों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। स्थानीय लोगों ने सरकार से जल्द निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की है ताकि वर्षों पुरानी जाम की समस्या से स्थायी निजात मिल सके।

यह भी पढ़ें- पटना में गंगा किनारे धूल फांक रहा 12 करोड़ का जहाज, 8 महीने बाद भी क्यों नहीं शुरू हो पाई वाटर मेट्रो?

यह भी पढ़ें- सहरसा में मिड-डे मील खाने से 150 छात्र बीमार: हाईकोर्ट ने सरकार और एजेंसी पर उठाए सवाल; SP से मांगी रिपोर्ट