Patna Airport: पटना से मुंबई के लिए इंडिगो की नई फ्लाइट दो दिसंबर से, लगातार बढ़ रहे यात्री
Patna Jaiprakash Narayan Airport यात्रियों की बढ़ती संख्या देखकर उत्साहित हैं विमान कंपनियां दिसंबर से 102 फ्लाइट पटना एयरपोर्ट से भरने लगेंगी उड़ान सबसे ज्यादा इंडिगो के विमान पटना से भर रहे उड़ान यहां जानें कहां के लिए पटना से कब उपलब्ध है फ्लाइट
पटना, जेएनएन। कोरोना संक्रमण का कहर भले ही एक बार फिर से बढ़ने लगा है, परंतु आम जनता अब घर बैठने की बजाय अपने काम-धंधे को फिर से पटरी पर लाने की कोशिश में जुट गई है। आम नागरिक अब कोरोना के मुताबिक ही अपने जीवन शैली को ढालने लगे हैं। ट्रेनों के कम चलने से विमानों से यात्रा करने वालों की संख्या में अप्रत्याशित बढ़ोतरी होने लगी है।
यात्रियों की बढ़ती संख्या देख विमान कंपनियां उत्साहित
यात्रियों की बढ़ती संख्या देख विमान कंपनियां भी अपनी उड़ानों की संख्या में बढ़ोत्तरी करने लगी है। इसी क्रम में निजी विमानन कंपनी इंडिगो ने मुंबई-पटना-मुंबई नई विमान सेवा शुरू करने की घोषणा की है। अब 2 दिसंबर से पटना के जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से 102 विमान उड़ान भरने लगेंगे।
यहां जानें इंडिगो की नई फ्लाइट का शिड्यूल
इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6ई 761 मुंबई पटना मुंबई एयरपोर्ट से 11.30 बजे उड़ान भरेगी और 14.00 बजे पटना एयरपोर्ट पर लैंड करेगी। वापसी में विमान 6 ई 762 पटना मुंबई 14.30 बजे पटना से उड़ान भरेगी और 17.00 बजे मुंबई पहुंचेगी।
पहली फ्लाइट सुबह तीन बजे उतरेगी पटना एयरपोर्ट पर
अब सबसे पहला विमान पटना एयरपोर्ट पर इंडिगो की 6 ई 761-762 मुंबई पटना मुंबई सुबह में 3 बजे ही लैंड कर 3.45 बजे वापस मुंबई के लिए उड़ान भरेगा। आखिरी फ्लाइट रात 11.15 बजे तक रखी गई है। इस तरह अब सबसे अधिक इंडिगो की 42 फ्लाइट्स स्थानीय एयरपोर्ट से उड़ान भरेंगी। स्पाइस जेट की 32, गो एयर की 16, एयर इंडिया की 8, विस्टारा की 4 फ्लाइट उड़ान भरेंगी। पटना से सीधे दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरू, चेन्नई, पुणे, अहमदाबाद, कोलकाता, गुवाहाटी, हैदराबाद, लखनऊ, अमृतसर एवं वाराणसी के लिए फ्लाइट है।
बिहार में दरभंगा एयरपोर्ट से भी उड़ान भर रहे विमान
प्रदेश में अब पटना के अलावा गया और दरभंगा एयरपोर्ट से विमान उड़ान भर रहे हैं। गया एयरपोर्ट तो काफी लंबे अरसे से संचालित है, वहीं दरभंगा एयरपोर्ट को हाल में ही ऑपरेशनल बनाया गया है।