अब एयरपोर्ट से गांधी मैदान जाना होगा आसान, जल्द चलेंगी नई बसें
पटना में अब यात्रा करने के लिए हाथ-पैर नहीं मारने होंगे। खासकर एयरपोर्ट से गांधी मैदान जाने के लिए। इस पथ पर नई बसों का संचालन होगा।
पटना, जेएनएन। अब राजधानी में आवाजाही सुगम होगी। राजधानी के जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से गांधी मैदान के लिए सिटी बसें चलेंगी। एक बस एयरपोर्ट से शेखपुरा मोड़, बेलीरोड, आयकर गोलंबर, पटना जंक्शन होते हुए गांधी मैदान स्थित कारगिल चौक तक जाएगी तथा दूसरी बस सेवा एयरपोर्ट से पटेल गोलंबर, हज भवन, आर. ब्लॉक, स्टेशन होते हुए गांधी मैदान स्थित कारगिल चौक तक चलेगी। अभी तिथि और किराया तय नहीं हुआ है।
जल्द शुरू कर दी जाएगी सेवा
परिवहन सचिव संजय कुमार अग्रवाल ने लोगों की मांगों पर इस सेवा को जल्द से जल्द प्रारंभ करने की घोषणा कर दी है। एयरपोर्ट-गांधी मैदान वाया हज भवन चलने वाली सिटी बस 100 नंबर की होगी। एयरपोर्ट- गांधी मैदान वाया शेखपुरा- बेलीरोड की सिटी बस 200 नंबर की होगी। अभी तक एयरपोर्ट सार्वजनिक परिवहन से नहीं जुड़ा था। टैक्सी से मजबूरी में यात्रा करनी पड़ती थी। कम आय वाले लोग शेखपुरा मोड़ आकर वाहन पर सवार होते थे। इस रूट में व्यावसायिक वाहन नहीं चलते हैं। इस कारण बिना वाहन वालों को परेशानी होती थी।
कुर्जीमोड़-आयकर गोलंबर बस सेवा का स्टेशन तक विस्तार
परिवहन सचिव संजय कुमार अग्रवाल ने कुर्जी मोड़ से आयकर गोलंबर वाया हड़ताली मोड़ सिटी बस सेवा का विस्तार पटना जंक्शन तक कर दिया है। राजीवनगर, पाटलिपुत्र, बेङ्क्षरग रोड से जुड़े लोगों ने स्टेशन तक सेवा विस्तार की मांग की थी। पटना जंक्शन से कुर्जी मोड़ का किराया 10 रुपये रखा गया है। परिवहन अधिकारियों के अनुसार यात्रियों की संख्या में वृद्धि हो जाएगी। अब बोङ्क्षरग रोड के लोग सिटी बस से सीधे स्टेशन जा सकेंगे।