नेउरा-जटडुमरी रेल लाइन बनकर तैयार, CRS की हरी झंडी मिलते ही दौड़ेंगी ट्रेनें
नेउरा से जटडुमरी के बीच नवनिर्मित रेल लाइन पर ट्रेनों के परिचालन की तैयारियां तेज हो गई हैं, जिसमें ओवरहेड इलेक्ट्रिक को 22,000 वोल्ट से चार्ज किया जा रहा है।

जटडुमरी जंक्शन। (सौ. रेलवे)
HighLights
नेउरा-जटडुमरी नई रेल लाइन परिचालन को तैयार।
ओवरहेड इलेक्ट्रिक 22,000 वोल्ट से चार्ज किया गया।
सितंबर में सीआरएस निरीक्षण, फिर ट्रेनों का संचालन।
जागरण संवाददाता, पटना। नेउरा से जटडुमरी के बीच नवनिर्मित रेल लाइन पर ट्रेनों के परिचालन की तैयारी तेज हो गई है।
नई रेल लाइन के ओवरहेड इलेक्ट्रिक (ओएचई) को 22,000 वोल्ट बिजली से चार्ज किया जा रहा है। इसके साथ ही रेलखंड को यात्री ट्रेनों के परिचालन के लिए तैयार करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है।
पूर्व मध्य रेल की ओर से इस नवनिर्मित रेलखंड के निरीक्षण के लिए मुख्य रेल संरक्षा आयुक्त (सीआरएस) को पत्र भी भेजा गया है।
सितंबर में सीआरएस निरीक्षण होने की संभावना है। सीआरएस की हरी झंडी मिलने के बाद इस रेलखंड पर ट्रेनों के परिचालन का रास्ता साफ हो जाएगा।
सीआरएस निरीक्षण के दौरान नई रेल लाइन, ट्रैक, पुल-पुलिया, सिग्नल एवं टेलीकाम व्यवस्था, ओएचई तथा अन्य संरक्षा मानकों की जांच की जाएगी।
निरीक्षण में रेलखंड को परिचालन के लिए सुरक्षित पाए जाने के बाद आवश्यक अनुमति मिलने की उम्मीद है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, सीआरएस से अनुमति मिलने के बाद नेउरा-जटडुमरी रेलखंड पर ट्रेनों का परिचालन शुरू किया जा सकेगा।
नई रेल लाइन के चालू होने से इस क्षेत्र में रेल संपर्क और यातायात क्षमता बढ़ेगी। साथ ही मौजूदा रेल मार्ग पर ट्रेनों के परिचालन का दबाव कम करने में भी मदद मिलेगी।
यह भी पढ़ें- गया जंक्शन पहुंची धनबाद-कोयंबटूर अमृत भारत एक्सप्रेस, दक्षिण भारत की यात्रा अब और आसान
