पटना-किउल रेललाइन को मिलेगा बड़ा विकल्प, नेउरा-जटडुमरी 20 किमी नए ट्रैक का 8 अक्टूबर को होगा स्पीड ट्रायल
नवनिर्मित नेउरा-जटडुमरी 20 किलोमीटर रेलखंड का 8 अक्टूबर को संरक्षा आयुक्त निरीक्षण करेंगे, जिसके बाद स्पीड ट्रायल भी होगा। यह ...और पढ़ें

8 अक्टूबर को होगा नेउरा-जटडुमरी रेलखंड का सीएसआर निरीक्षण।
HighLights
नवनिर्मित 20 किमी नेउरा-जटडुमरी रेलखंड का निरीक्षण 8 अक्टूबर को।
निरीक्षण के बाद इस रेलखंड पर स्पीड ट्रायल भी किया जाएगा।
पटना-किउल मुख्य रेललाइन को वैकल्पिक मार्ग मिलेगा, दबाव घटेगा।
जागरण संवाददाता, पटना। नेउरा-जटडुमरी के बीच नवनिर्मित 20 किलोमीटर लंबे रेलखंड का संरक्षा आयुक्त (रेलवे), पूर्वी परिमंडल, कोलकाता 8 अक्टूबर को निरीक्षण करेंगे।
निरीक्षण के बाद विशेष ट्रेन से इस रेलखंड पर स्पीड ट्रायल भी किया जाएगा। इसके मद्देनजर रेलवे ने आम लोगों से रेललाइन से दूर रहने की अपील की है।
रेलवे ने चेतावनी दी है कि निरीक्षण और स्पीड ट्रायल के दौरान रेललाइन के आसपास जाने पर किसी तरह की दुर्घटना होने की स्थिति में रेल प्रशासन जिम्मेदार नहीं होगा।
20 किलोमीटर ट्रैक पर जल्द दौड़ेंगी ट्रेनें
42 किलोमीटर लंबी नेउरा-दनियावां नई रेललाइन परियोजना के तहत यह रेलखंड परियोजना के दूसरे चरण में तैयार किया गया है।
पहले चरण में 22.74 किलोमीटर लंबे जटडुमरी-दनियावां रेलखंड का निर्माण पूरा होने के बाद इस पर ट्रेनों का परिचालन किया जा रहा है।
अब जटडुमरी से नेउरा के बीच शेष 20 किलोमीटर रेललाइन का निर्माण पूरा होने के बाद सीआरएस निरीक्षण की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
पटना-किउल मुख्य रेललाइन को मिलेगा वैकल्पिक मार्ग
नेउरा-दनियावां-बिहारशरीफ-बरबीघा-शेखपुरा नई रेललाइन परियोजना का यह महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसके पूरा होने से इस क्षेत्र के लोगों को रेल यातायात की बेहतर सुविधा मिलने के साथ ही दानापुर-पटना-किउल-झाझा मुख्य रेलखंड को वैकल्पिक मार्ग मिलेगा।
वर्तमान में यह मुख्य रेलखंड अत्यधिक व्यस्त है। नई लाइन के चालू होने से ट्रेनों के परिचालन में सुविधा मिलने और मुख्य रेलखंड पर परिचालन का दबाव कम होने की उम्मीद है।
सीआरएस निरीक्षण और स्पीड ट्रायल के बाद इस रेलखंड पर यात्री ट्रेनों के परिचालन का रास्ता साफ होगा। निरीक्षण के दौरान संरक्षा से जुड़े विभिन्न मानकों की जांच की जाएगी।
यह भी पढ़ें- नेउरा-जटडुमरी रेल लाइन बनकर तैयार, CRS की हरी झंडी मिलते ही दौड़ेंगी ट्रेनें
