रिश्ते का कत्ल: कद्दू काटने के विवाद में भतीजे ने चाचा को ही काट डाला, मचा कोहराम
रिश्ते का कत्ल किस प्रकार होता है यह बिहार के वैशाली में देखने को मिला। कद्दू काटने के विवाद में चाकू से चाचा को ही काट डाला। मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
वैशाली, जेएनएन। रिश्ते का कत्ल किस प्रकार होता है, यह बिहार के वैशाली में देखने को मिला। कद्दू काटने के विवाद में चाकू से चाचा को ही काट डाला। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। बेलसर सहायक थाना क्षेत्र के मुजापकड़ी गांव में रिश्ते को तार-तार करनेवाली यह घटना हुई है। मृतक 45 वर्षीय मोहम्मद शाहिद मूजा पकड़ी गांव निवासी मो. शकूर का पुत्र था।
मो. शाहिद ने अपने खेत में कद्दू लगा रखा था। उसके खेत से कद्दू की चोरी की जा रही थी, जिससे वह परेशान था। रविवार की देर शाम उसने अपने भतीजे को अपने खेत से कद्दू चुराते पकड़ लिया। इसके बाद दोनो में विवाद हो गया। कुछ देर बहस के बाद भतीजे मो. सलाम ने कद्दू काटने के लिए लाए चाकू को चाचा के पेट में भोंक दिया, जिससे मोहम्मद शाहिद की मौत घटनास्थल पर ही हो गई।
घटना को अंजाम देने के दौरान आरोपित भतीजे के पिता ने अपने बेटे का साथ दिया। भतीजा और उसका पिता घटना को अंजाम देने के बाद फरार हो गए। सूचना पाकर बेलसर ओपी की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को सदर अस्पताल हाजीपुर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक के परिवार वालों ने आरोप लगाया कि कद्दू चोरी के दौरान मो. शाहिद द्वारा भतीजे मो. सलाम को पकड़ लिए जाने के बाद हो रहे झगड़े में सलाम के पिता अनीस ने अपने लड़के का साथ दिया और मो. शाहिद के साथ मारपीट की। घटना के बाद काफी संख्या में ग्रामीण जुट गए। घटना के बाद मृतक की पत्नी शहनाज बेगम का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। बेलसर ओपी अध्यक्ष ने बताया कि मृतक के बड़े पुत्र सद्दाम ने अपने चचेरे भाई एवं चाचा के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है।