भतीजे ने चाचा, चाची ने भतीजे को मार डाला
अथमलगोला में शुक्रवार को अलग-अलग इलाकों में दो हत्याओं से सनसनी फैल गई।
पटना (अथमलगोला) : अथमलगोला में शुक्रवार को अलग-अलग इलाकों में दो हत्याओं से सनसनी फैल गई। एक वारदात नया टोला सबनिमा तो दूसरी थाने से महज 100 गज की दूरी पर हुई।
नया टोला सबनिमा में धर्मदेव राय की हत्या उसकी चाची अंजली देवी ने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर लाठी डंडे से पीटकर कर दी। घटना के बाद धर्मदेव के परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। जानकारी मिलने के बाद मरांची एसएचओ राजीव कुमार पटेल, सालिमपुर थानाध्यक्ष अजय कुमार, अवर निरीक्षक रामजी प्रसाद गाव पहुंचे और मामले की जांच की। धर्मदेव के भाई संजय राय ने चाची अंजली देवी उसके दो बेटों और दोनों बहुओं व तीन अन्य के विरुद्ध हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई है।
प्राथमिकी में संजय ने बताया कि उसका भाई धर्मदेव गुजरात में काम करता था। कुछ दिन पहले घर लौटा था। अंजली देवी ने धर्मदेव को फोन कर घर बुलाया और गुजरात से कमा कर लाए डेढ़ लाख रुपये छीनने लगी। जब धर्मदेव ने विरोध किया तो अपने बेटों और बहुओं के साथ मिलकर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। वहीं ग्रामीणों के अनुसार धर्मदेव और उसकी चाची अंजली के बीच वर्षो से अवैध संबंध थे। हालांकि प्राथमिकी में ऐसा जिक्र नहीं है। पुलिस तीन नामजद लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि घटना में दर्जनभर लोग शामिल रहे हैं। पुलिस को मृतक लहूलुहान एवं अर्द्धनग्न अवस्था मे मिला था। इसकी पुष्टि थानाध्यक्ष ने भी की।
वहीं दूसरी वारदात अथमलगोला थाने से महज 100 गज की दूरी पर हुई। फुटपाथ पर सो रहे रामनाथ लाल (70 वर्ष) की चाकू मारकर उसके सगे भतीजे ने हत्या कर दी। घटना को अंजाम देकर आरोपित अशोक लाल फरार हो गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजना चाहा तो परिजनों ने विरोध जताते हुए रोक दिया। पुलिस पदाधिकारियों ने परिजनों को समझाकर शांत कराया। फिर शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। पुलिस हत्या के आरोपित अशोक के बेटे दीपक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस को दिए बयान में रामनाथ के पुत्र अनिल कुमार गुप्ता ने बताया कि आरोपित अशोक लाल और उसके बेटे ने लाठी-डंडे से पीट-पीटकर वारदात को अंजाम दिया।
घटना की सूचना पर पहुंचे एएसपी मनोज कुमार तिवारी ने मामले की जांच की और आसपास के लोगों से पूछताछ की। थानाध्यक्ष प्रभात कुमार शरण ने बताया कि मामले की जांच की रही है। आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी में जुटी है।
ग्रामीणों के अनुसार रामनाथ लाल की हत्या अंधविश्वास में भतीजे ने कर दी। आरोपित अशोक लाल 10 वर्ष बाद कहीं बाहर रहने के बाद साधु बन कर गाव लौटा था। दुर्गा पूजा के दौरान भी अशोक ने भरे बाजार में रामनाथ पर हमला कर जख्मी कर दिया था। रामनाथ के बड़े बेटे दिनेश ने बताया कि उस समय स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने बचाव कर मामले को सलटा दिया था। फिर शुक्रवार यह घटना घट गई । चाचा-भतीजे दोनों एक दूसरे पर भभूत आदि फेंका करते थे।
----------------