नेपाली पुलिस ने भारतीय सीमा में घुसकर चेक पोस्ट निर्माण कार्य रोका, मचा हंगामा
भारत- नेपाल बॉर्डर पर शनिवार को उस समय गहमागहमी का माहौल कायम हो गया जब अचानक नेपाली पुलिस भारतीय सीमा में घुसकर चल रहे कस्टम के चेक पोस्ट के निर्माण कार्य को रोक दिया।
मधुबनी [जेएनएन]। भारत- नेपाल बॉर्डर पर शनिवार को उस समय गहमागहमी का माहौल कायम हो गया जब अचानक नेपाली पुलिस भारतीय सीमा में घुसकर चल रहे कस्टम के चेक पोस्ट के निर्माण कार्य को रोक दिया। इसके बाद लगातार नेपाली पुलिस अधिकारी, कस्टम अधिकारी व एसएसबी अधिकारी से वार्ता जारी रही।
साथ ही कस्टम के सहायक आयुक्त मुजफ्फरपुर के अशोक कुमार आईच ने स्थल निरीक्षण कर नेपाली पुलिस को मामले में वरीय अधिकारी को बॉर्डर पर आकर भारतीय अधिकारी से वार्ता कर निपटारा करने की बात कही।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पीलर संख्या 51 पर कई महीने से भारत- नेपाल में विवाद चल रहा है। भारतीय अधिकारी मान रहे हैं कि पीलर संख्या 51 नदी के बीचोंबीच है। जबकि नेपाल इसे नदी किनारे भारतीय सीमा में पीलर की बात बता रहे हैं।
भारतीय अधिकारी की मानें तो कई वर्ष पहले दोनों देश के अधिकारी सीमा क्षेत्र में कैम्प करके पीलरों के विवाद का निपटारा किया था। उसी समय पीलर को नदी के बीचोंबीच बताया गया था। बावजूद आज दो महीने से बार बार नेपाल पुलिस चेक पोस्ट के कार्य को रोक दे रही है।
जानकारी देते हुए पिपरौन कस्टम सुपरिटेंडेंट मो. अतहर नूर ने बताया कि इस विवाद के लिए दो महीने से नेपाल के धनुषा सीडीओ को कहा जा रहा है। बावजूद वे प्रमाण समेत सम्बंधित कागजात को लेकर नहीं आ रहे हैं। जिससे हमारा कार्य प्रभावित हो रहा है।
वहीं नेपाल पुलिस एपीएफ के इंस्पेक्टर जगदीश चौधरी ने बताया कि हमारे आंकड़े के अनुसार पीलर 51 नदी किनारे है। हमारे वरीय अधिकारी व्यस्तता के कारण नहीं आ पा रहे हैं। जल्द ही वरीय अधिकारी मामले का निपटारा कर लेंगे। हमने भारतीय अधिकारी से दो से तीन दिन का समय मांगा है।