जब ब्वॉयफ्रेंड की चलती बाइक से कूद गईं थीं एक्ट्रेस नीतू चंद्रा, जानिए
बॉलीवुड की हॉट सनसनी नीतू चंद्रा 33 साल की हो गईं हैं। इस अवसर पर जानिए उनका पहला प्यार और उनकी जिंदगी के कुछ अहम राज।
पटना [जेएनएन]। बॉलीवुड की हॉट सनसनी नीतू चंद्रा 33 साल की हो गईं हैं। 20 जून 1984 को पटना में जन्मीं नीतू की स्कूलिंग पटना में हुई थी। आगे की पढ़ाई के लिए वे दिल्ली गईं। कम लोग ही जानते होंगे कि नीतू का पहला अफेयर तब हुआ था जब वे आठवीं की स्टूडेंट थीं। इसे उन्होंने अपनी जिंदगी की सबसे बड़ी बेवकूफी बताया है।
नीतू की स्कूलिंग पटना के नोट्रेडेम एकेडमी में हुई। आगे की पढ़ाई उन्होंने दिल्ली के आइपी कॉलेज से पूरी की। कम लोग ही जानते होंगे कि नीतू जब आठवीं क्लास में थीं, तब उनका पहला अफेयर हुआ था। एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा था कि यह अफेयर उनकी जिंदगी की अब तक का सबसे बेवकूफी भरा पल था। तब अपना प्यार साबित करने के लिए नीतू ब्वॉयफ्रेंड की चलती बाइक से कूद गईं थीं।
पटना के पाटलीपुत्र कॉलोनी की मूल निवासी नीतू चंद्रा के पिता उमेश चंद्रा श्रीवास्तव व्यवसायी थे। वे नहीं चाहते थे कि बेटी फिल्मों में जाए। लेकिन, नीतू ग्लैमर की दुनिया में स्थापित होना चाहती थीं। मां नीरा ने उनका साथ दिया और वे मॉडलिंग से होते हुए फिल्मों में भी चली आईं। इस बीच 2009 में उनके पिता का निधन हो गया। नीतू अपनी सफलता का श्रेय मां को देती हैं।
नीतू चंद्रा बॉलीवुड एक्ट्रेस व मॉडल के अलावा मार्शल आर्ट में भी माहिर हैं। नीतू ताइक्वांडो में ब्लैट बेल्ट प्राप्त करने वाली पहली एक्ट्रेस हैं। वे 1996-97 में वर्ल्ड ताइक्वांडो चैंपियनशिप में भारत की ओर से शामिल हो चुकी हैं। 2012 में उन्हें सेकंड डिग्री का ब्लैक बेल्ट ग्रैंडमास्टर जिमी आर जगतियानी ने दिया था, जिन्हें ताइक्वांडो का जनक कहा जाता है।
नीतू का फिल्मी करियर, एक नजर
नीतू चंद्रा ने हिंदी सिनेमा में कदम अक्षय कुमार स्टारर फिल्म 'गरम मसला' से रखा था। फिल्म में उन्होंने 'स्वीटी' का किरदार निभाया था। उसके बाद उन्होंने तमिल की ओर रुख कर लिया। उन्होंने फिर 'रण' से हिंदी सिनेमा में वापसी की। इसके बाद वे 'नो प्रॉब्लम' और 'अपार्टमेंट' जैसी फिल्मों में नजर आईं।
नीतू चंद्रा की फिल्म 'मिथिला मखान' को 63वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में बेस्ट मैथिली फिल्म का अवॉर्ड मिला था। इससे पहले साल 2013 में नीतू ने भोजपुरी फिल्म 'देसवा' को प्रोड्यूस किया था। फिल्म के निदेशक उनके भाई नितिन चंद्रा थे।
नीतू एक बार फिर हिंदी सिनेमा में 'वंस अपॉन अ टाइम इन बिहार' से निर्देशन की दुनिया में वापसी कर रही हैं। फिल्म का निर्माण उनके भाई नितिन चन्द्रा ने किया है। इसकी कहानी बिहार की पृष्ठभूमि पर आधारित है।