NEET UG Re-Exam के दिन पटना के सभी कोचिंग संस्थान रहेंगे बंद, धांधली रोकने के लिए प्रशासन सतर्क
पटना में 21 जून को होने वाली नीट (यूजी) पुनर्परीक्षा के लिए 95 केंद्रों पर 46 हजार से अधिक अभ्यर्थी ...और पढ़ें

प्रेस कॉन्फ्रेंस करते पटना के डीएम और पुलिस अधिकारी। जागरण
HighLights
21 जून को पटना में नीट यूजी पुनर्परीक्षा।
कदाचार रोकने को सभी कोचिंग संस्थान बंद रहेंगे।
अभ्यर्थियों के लिए मुफ्त बस सेवा उपलब्ध होगी।
जागरण संवाददाता, पटना। नीट (यूजी) पुनर्परीक्षा 21 जून को होनी है। डीएम डा. त्यागराजन एसएम व एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा ने बुधवार को इसके सफल, पारदर्शी व कदाचारमुक्त संचालन के लिए उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की।
जिले के 95 परीक्षा केंद्रों पर 46 हजार 29 अभ्यर्थी शामिल होंगे। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि परीक्षा की शुचिता सुनिश्चित करने के लिए राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) के सभी निर्देशों पर पूर्णतय: अनुपालन किया जाए।
किसी भी प्रकार के कदाचार पर दोषियों पर तत्काल प्राथमिकी करा सख्त कार्रवाई की जाए। अनियमितता की आशंका नहीं रहे इसलिए परीक्षा के दिन जिले के सभी कोचिंग संस्थानों को बंद व उनकी गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने का निर्णय लिया गया।
वहीं, अफवाहों व भ्रामक सूचनाओं पर अंकुश लगाने के लिए इंटरनेट मीडिया की 24 घंटे मानिटरिंग की जाएगी। अफवाहों का तुरंत खंडन करने के साथ फैलाने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई का आदेश दिया गया है।
डीएम-एसएसपी ने कहा कि पूर्णतः कदाचारमुक्त, अभ्यर्थियों के लिए सुविधायुक्त, पारदर्शी व सुरक्षात्मक माहौल में परीक्षा कराने की पूरी तैयारी की गई है। किसी भी प्रकार की शिथिलता, लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
परीक्षा के सफल संचालन के लिए सभी केंद्रों पर मजिस्ट्रेट व पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्त करने का एडीएम विधि-व्यवस्था को निर्देश दिया गया है। एसडीओ व एसडीपीओ को परीक्षा के दौरान लगातार भ्रमणशील रहने व किसी भी समस्या की सूचना पर तुरंत पहुंचकर समाधान कराने को कहा गया है।
बैठक में सभी एसपी, एसडीओ, एसडीपीओ, सिविल सर्जन, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, डाक, रेलवे व एयरपोर्ट समेत विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
अभ्यर्थियों के लिए मुफ्त बस सेवा
डीएम-एसएसपी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्रों पर शुद्ध पेयजल, वेटिंग एरिया व मेडिकल सुविधा उपलब्ध कराई जाए। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भी अभ्यर्थियों के लिए आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करें।
राज्य सरकार के निर्देशानुसार नीट परीक्षा में शामिल होने वाले सभी परीक्षार्थियों को बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (बीएसआरटीसी) की बसों में निशुल्क यात्रा सुविधा दी जाएगी। जिला परिवहन पदाधिकारी को इसके प्रभावी क्रियान्वयन और निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
अभिभावकों के लिए भी विशेष व्यवस्था
भीषण गर्मी को देखते हुए परीक्षा केंद्रों से 100 मीटर की निर्धारित सीमा के बाहर अभिभावकों के लिए छायादार प्रतीक्षा स्थलों की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया है ताकि उन्हें असुविधा का सामना नहीं करना पड़े।
