विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नीट-यूजी पेपर लीक मामला: 53 आरोपितों के खिलाफ स्पीडी ट्रायल शुरू, पहले दिन NTA के डीजी की हुई गवाही

Published: Fri, 02 Oct 2026 11:13 AM (IST)

नीट-यूजी 2024 प्रश्नपत्र लीक मामले में पटना की सीबीआई विशेष अदालत में 53 आरोपितों के खिलाफ स्पीडी ट्रायल शुरू हो ...और पढ़ें

नीट-यूजी पेपर लीक मामला

नीट-यूजी पेपर लीक मामला

HighLights

  1. 53 आरोपितों के खिलाफ सीबीआई विशेष अदालत में स्पीडी ट्रायल शुरू।

  2. पहले दिन एनटीए महानिदेशक प्रदीप सिंह कारोला ने अपनी गवाही दी।

  3. एक आरोपित अभी भी फरार, अगली सुनवाई 7 अक्टूबर को।

जागरण संवाददाता, पटना। नीट-यूजी 2024 प्रश्नपत्र लीक मामले में 53 आरोपितों के खिलाफ गुरुवार से सीबीआई की विशेष अदालत में स्पीडी ट्रायल शुरू हो गया। सुनवाई के पहले दिन सीबीआई ने पहला गवाह पेश किया। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) के महानिदेशक प्रदीप सिंह कारोला ने अदालत में गवाही दी। उनसे सीबीआई और बचाव पक्ष के वकीलों ने पूछताछ की। इसके साथ उनकी गवाही पूरी हो गई। 

अदालत ने सुनवाई के दौरान एक के खिलाफ आरोप भी तय किया। वहीं, मामले का एक आरोपित अभी फरार है। अदालत ने उसका मामला अलग करते हुए उसके खिलाफ गैरजमानती वारंट जारी किया है। मामले की अगली सुनवाई सात अक्टूबर को होगी।

पांच मई 2024 को हुई थी नीट की परीक्षा 

एनटीए ने पांच मई 2024 को देशभर में नीट-यूजी परीक्षा आयोजित की थी। परीक्षा में गड़बड़ी की सूचना मिलने के बाद शास्त्री नगर थाने के तत्कालीन प्रभारी अमर कुमार ने कुछ आरोपितों को गिरफ्तार किया था। इस संबंध में शास्त्री नगर थाने में कांड संख्या 358/2024 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। 

बाद में मामले की जांच आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) को सौंप दी गई थी। जांच के दौरान प्रश्नपत्र लीक होने का मामला सामने आया। इसके बाद केंद्र सरकार ने मामले की जांच सीबीआई को सौंप दी। सीबीआई ने इस मामले में 54 लोगों के खिलाफ अदालत में आरोपपत्र दाखिल किया है। 

सीबीआई की विशेष अदालत ने 24 सितंबर 2026 को 52 आरोपितों के खिलाफ आरोप तय किए थे। अब 53 आरोपितों के खिलाफ स्पीडी ट्रायल की कार्यवाही शुरू हो गई है।

यह भी पढ़ें- नीला ड्रम; बोरी, कचरा और फूल... पटना की सड़कों पर कुछ इस हाल में दिखे 'गांधीजी'