नीरज बने सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री, संगठन की सेवा का मिला फल, जानें राजनीतिक सफर
नीतीश कैबिनेट में एमएलसी नीरज कुमार को जगह मिली है। जदयू के प्रवक्ता पद पर आसीन नीरज कुमार को रविवार को नीतीश सरकार में सूचना एवं जनसपंर्क विभाग की बड़ी जिम्मेवारी मिली है। जानें
पटना, जेएनएन। नीतीश कैबिनेट में एमएलसी नीरज कुमार को जगह मिली है। जदयू के प्रवक्ता पद पर आसीन नीरज कुमार को रविवार को नीतीश सरकार में सूचना एवं जनसपंर्क विभाग की बड़ी जिम्मेवारी मिली है। संगठन की बातों को मजबूती से लोगों के बीच पहुंचाने और विरोधियों को करारा जवाब देने के लिए नीरज कुमार विशेष रूप से जाने जाते हैं। चाहे नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव हों या मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह, हर किसी को ये बखूबी जवाब देना जानते हैं। इन्होंने ही तेजस्वी यादव को ट्विटर ब्वॉय, तो अनंत सिंह को 'पुदीना सिंह' का नाम दिया है। संगठन की सेवा का फल इन्हें मंत्री के रूप में मिला है।
छात्र जीवन से ही राजनीतिक गतिविधियों में एक्टिव
पटना के मोकामा में 9 जनवरी,1967 को जन्म लेने वाले नीरज कुमार छात्र जीवन से ही राजनीतिक गतिविधि में एक्टिव रहे हैं। वे छात्रों की प्रॉब्लम को विश्वविद्यालय एवं अन्य फोरम पर जबरदस्त ढंग से उठाते रहे थे। इतने पर ही नहीं रुकते थे, बल्कि समाधान भी कराते थे।
2008 में पहली बार बने एमएलसी
नीरज कुमार वर्ष 2008 में पहली बार एमएलसी बने। वे पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जदयू प्रत्याशी के तौर पर विधान पार्षद के रूप में निर्वाचित हुए थे। इसके बाद पार्टी के प्रवक्ता की भूमिका में वे आ गए। पार्टी की नीतियों को मीडिया एवं आमजनों के बीच पहुंचाने का काम कर रहे हैं। इसके साथ ही जदयू के राज्य एवं जिला स्तरीय संगठनात्मक इकाइयों के गठन एवं संचालन में सक्रिय भागीदारी निभा रहे हैं। वर्तमान में भी ये एमएलसी हैं।
नीरज कुमार की विशिष्ट उपलब्धि
- बिहार विधान परिषद सदस्य 7 मई, 2008 से मई 2014 तथा दूसरा टर्म मई 2014 से अब तक लगातार।
- बिहार विधान परिषद में जदयू के सचेतक (सत्तारूढ़ दल) के पद पर वर्ष 2010 से मई, 2014 तक।
- बिहार विधान परिषद में जदयू के उपमुख्य सचेतक (सत्तारूढ़ दल) के पद पर मई, 2014 से अभी तक।
- बिहार विधान सभा में लोक लेखा समिति के सदस्य।
- बिहार विधान परिषद के विशेषाधिकार समिति, जिला परिषद एवं पंचायतीराज समिति के सदस्य।
- वर्ष 2009 से जदयू के राज्य स्तरीय प्रवक्ता हैं।
- पटना विश्वविद्यालय के सीनेट सदस्य रह चुके हैं।
- मगध विश्वविद्यालय के सीनेट सदस्य रह चुके हैं।
- बिहार संस्कृत शिक्षा बोर्ड के सदस्य रह चुके हैं।
- वन एवं पर्यावरण विभाग अंतर्गत वन्य प्राणी परिषद के सदस्य रह चुके हैं।
सामाजिक कार्यों में नीरज की विशेष रुचि
नवनिर्वाचित मंत्री नीरज कुमार शैक्षणिक संस्थाओं खासकर पुस्तकालयों के संवर्द्धन, विकास एवं सुचारू संचालन हेतु प्रयत्नशील रहते हैं। सदन में विधायिका के कार्यों, महत्वपूर्ण/ज्वलंत विषयों पर वाद-विवाद में सक्रिय भूमिका निभाने में भी इनकी खास रुचि है। कृषि एवं शिक्षा से जुड़े विषयों में गहरी अभिरूचि है। पार्टी की नीतियों, विचारों को प्रेस/इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के जरिए जन मानस तक प्रेषित करने में भी इनकी कोई सानी नहीं। नीरज कुमार का देश के धार्मिक, पौराणिक एवं ऐतिहासिक महत्वपूर्ण स्थलों के भ्रमण एवं अध्यात्म से भी काफी लगाव है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप