जदयू की इफ्तार पार्टी में एकजुट दिखा NDA कुनबा, नहीं आए उपेंद्र कुशवाहा
बिहार में राजनीतिक इफ्तार पार्टियों का दौर है। बुधवार को जदयू की इफ्तार पार्टी में राजग कुनबा एकजुट दिखा, हालांकि उपेंद्र कुशवाहा नहीं शामिल हुए।
पटना [राज्य ब्यूरो]। हज भवन में आयोजित जनता दल यूनाइटेड (जदयू) की इफ्तार पार्टी में उपेंद्र कुशवाहा नहीं दिखे। वैसे, इसमें बिहार के सभी प्रमुख राजग (राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन) नेता मौजूद थे। इफ्तार में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) से कोई शामिल नहीं हुअा, हालांकि कांग्रेस के दाे विधायक उपस्थित थे।
जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इफ्तार के समय 6.40 बजे से काफी पहले ही आ गए और प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह के साथ इंतजाम का जायजा लिया। पार्टी की ओर से प्रदेश महासचिव डा.नवीन आर्या और अनिल कुमार को एनडीए के नेताओं के स्वागत के लिए खास तौर पर मुख्य द्वार पर तैनात किया गया था।
राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा भले ही गैरहाजिर थे, मगर उनकी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूदेव चौधरी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भगवान सिंह कुशवाहा, सांसद राम कुमार शर्मा मौजूद थे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के विरोधी माने जाने वाले कुशवाहा की जदयू की इफ्तार पार्टी में गैर मौजूदगी के राजनीतिक अर्थ निकाले जा रहे हैं। इसपर रालोसपा के प्रवक्ता डॉ. अभयानंद सुमन ने बताया कि कुशवाहा मंगलवार को गुवाहाटी में थे और आवश्यक काम से उन्हें बुधवार को दिल्ली जाना पड़ा।
इफ्तार पार्टी में भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय और ज्ञानेंद्र सिंह ज्ञानू, लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामविलास पासवान, प्रदेश अध्यक्ष पशुपति कुमार पारस, सांसद एवं हज कमेटी आफ इंडिया के अध्यक्ष चौधरी महबूब अली कैसर और प्रवक्ता अशरफ अंसारी मौजूद थे।
जदयू की इफ्तार पार्टी में राजद से कोई शामिल नहीं हुआ। वरिष्ठ नेता अब्दुल बारी सिद्दीकी असर की नमाज पढऩे हज भवन आए, मगर इफ्तार पार्टी में शामिल हुए बिना पहले ही वहां से चले गए। कांग्रेस की ओर से वैसे दो विधायक- बक्सर से मुन्ना तिवारी और बरबीघा से सुदर्शन कुमार, इफ्तार पार्टी में शामिल हुए।
विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार चौधरी, विधान परिषद के उपसभापति हारून रशीद, राज्य हज कमेटी के अध्यक्ष मो. इलियास उर्फ सोनू बाबू, मंत्री ललन सिंह, बिजेंद्र यादव, शैलेश कुमार सिंह के अलावा जदयू के वरिष्ठ नेता डा. अशोक चौधरी, अनिल पाठक, डा. सुनील कुमार सिंह, रूदल राय, लोक प्रकाश सिंह, अरविंद निषाद, ओमप्रकाश सिंह सेतु, छोटू सिंह, विद्यानंद विकल, राजीव रंजन प्रसाद आदि मौजूद थे। इफ्तार के बाद लोगों से एक बार फिर मिलने के बाद ही मुख्यमंत्री वहां से रवाना हुए।