President Election 2022: पटना में द्रौपदी मुर्मू की एनडीए नेताओं से मुलाकात, सीएम नीतीश ने भी किया स्वागत
President Election 2022 एनडीए की राष्ट्रपति उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू मंगलवार को पटना पहुंचीं। पटना हवाईअड्डा पर भाजपा और जदयू के बड़े नेताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने सीएम नीतीश कुमार सहित एनडीए के सांसदों-विधायकों से होटल मौर्य में मुलाकात की।
राज्य ब्यूरो, पटना। Presidential Election in India 2022: राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की राष्ट्रपति प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू मंगलवार को सुबह करीब 11.30 बजे विशेष विमान से पटना पहुंचीं। पटना एयरपोर्ट से निकलकर वे पुराना सचिवालय के पास बिरसा मुंड़ा की प्रतिमा पर पहुंची और माल्यार्पण किया। इसके बाद उनका फ्रेजर रोड में महिला मोर्चा और किसान मोर्चा के नेताओं ने स्वागत किया। फिर, वे होटल मौर्या में एनडीए नेताओं के साथ मिलीं। वहां उनकी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से भी मुलाकात हुई।
एनडीए की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू बिहार के विधायकों से वोट अपील करने के लिए मंगलवार को पटना पहुंचीं। बिहार यात्रा के दौरान वे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ एनडीए के सभी सांसदों और विधायकों से होटल मौर्य में मिलीं। चर्चा रही कि मुर्मू राज्य की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव से भी मिल सकती हैं। हालांकि, यह मुलाकात नहीं हुई।
इसके पहले पटना स्थित जय प्रकाश नारायण हवाई अड्डा पर उनका स्वागत बिहार भाजपा और जदयू के बड़े नेताओं ने किया। दोपहर ढाई बजे मुर्मू गुवाहाटी के लिए प्रस्थान कर जाएंगी।
सुशील मोदी ने राजद से किया पुनर्विचार का आग्रह
भाजपा के वरिष्ठ नेता, राज्यसभा सदस्य और बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने राष्ट्रीय जनता दल से राष्ट्रपति चुनाव को लेकर पुनर्विचार करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि राजद को द्रौपदी मुर्मू का समर्थन करते हुए मिसाल पेश करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा को मौका मिला तो एक मुसलमान को राष्ट्रपति बनाया। दूसरी बार अनुसूचित जाति से राष्ट्रपति बनाया। अब पार्टी आदिवासी समुदाय की महिला को यह गौरव दिलाने की कोशिश कर रही है। राजद को इसका समर्थन करना चाहिए।