गया में घर के बाहर अंधाधुंध फायरिंग कर नक्सलियों ने ली दो की जान, पर्चे में लिख गए वारदात की वजह
गया में नक्सलियों ने गोली मारकर दो लोगों की हत्या कर दी। वारदात मैगरा थाना के हरनी खजुरा गांव में शुक्रवार की रात हुई।
गया, जेएनएन। जिले के मैगरा थाना के हरनी खजुरा गांव में शुक्रवार की रात नक्सलियों ने गोली मारकर दो लोगों की हत्या कर दी। मृतकों की पहचान उक्त गांव निवासी महेंद्र यादव (40) और रामदयाल रजक (35) के रूप में हुई है। वारदात में गोली लगने से मृतक के पड़ोसी दुरालचंद साव घायल हो गए हैं। उन्हें इमामगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जयप्रकाश नारायण अस्पताल गया के लिए रेफर किया गया। वारदात के बाद लोगों ने शनिवार की सुबह इमामगंज प्रखंड के डुमरिया मोड़ पर हत्या के विरोध में सड़क जाम कर दी। बाद में अनुमंडल पदाधिकारी की ओर से आर्थिक सहायता दिए जाने के आश्वासन पर जाम समाप्त किया गया एसएसपी ने बताया कि घटनास्थल से पर्चा मिला है। इसकी जांच कराई जा रही है।
घर के बाहर ही ले ली जान
स्थानीय लोगों ने बताया कि शुक्रवार की रात करीब 11 बजे महेंद्र यादव खाना खाकर पड़ोसी रामदयाल रजक के साथ घर के बाहर कुर्सी पर बैठे थे। दोनों आपस मे बातचीत कर रहे थे। इसी बीच उनका पड़ोसी दुरालचंद साव भी आ गया। इसी दौरान पांच की सख्या में हथियार से लैस होकर आए युवकों ने महेंद्र यादव और फिर रामदयाल रजक को गोली मार दी। फायरिंग देख दुलारचंद भागने लगा तो उसके ऊपर भी फायर झोंक दिया। जिसमें दुलारचंद घायल हो गया। वहीं महेंद्र यादव और रामदयाल रजक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घायल को इलाज के लिए गया के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटनास्थल से एक पर्चा भी बरामद किया गया है।
जमीन को लेकर हत्या!
गया के वरीय पुलिस अधीक्षक राजीव मिश्रा ने बताया कि जिले के इमामगंज क्षेत्र में नक्सलियों ने दो लोगों की हत्या कर दी है। जबकि एक अन्य घायल है। जिसका इलाज स्थानीय अस्पताल में कराया जा रहा है। एसएसपी ने बताया कि घटनास्थल से पर्चा मिला है। इसकी जांच कराई जा रही है। यह कार्रवाई नक्सली विचारधारा से अलग है। उन्होंने कहा नक्सली संगठन के शीर्ष नेता निलेश और उसके स्वजनों ने इमामगंज में कई स्थानीय लोगों की जमीन पर नक्सली संगठन के नाम पर कब्जा कर रखा है। इसको लेकर विवाद चल रहा है। संभवतः वारदात इसी मामले को लेकर हो सकती है।