विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पटना: धान रोपनी देखने गए 2 सगे भाइयों की तालाब में डूबने से मौत, गांव में शोक की लहर

Published: Thu, 23 Jul 2026 05:37 AM (IST)

नौबतपुर के हुसैनचक गांव में बुधवार को पानी से भरे आहर में डूबने से दो सगे नाबालिग भाइयों अभिजीत (14) और प्रियांशु (13) की मौत हो गई।

अभिजीत कुमार और प्रियांशु कुमार की फाइल फोटो l (सौ. स्वजन)

अभिजीत कुमार और प्रियांशु कुमार की फाइल फोटो l (सौ. स्वजन)

HighLights

  1. नौबतपुर में पानी भरे आहर में दो भाई डूबे।

  2. छोटे भाई को बचाने में बड़े भाई ने भी जान गंवाई।

  3. पटना एम्स में इलाज के दौरान दोनों की मौत हुई।

संवाद सूत्र, नौबतपुर। थाना क्षेत्र के हुसैनचक गांव में बुधवार को दो नाबालिग भाइयों की पानी भरे आहर में डूबने से मौत हो गई।

यह हादसा चेसी-खजुरी मार्ग पर स्थित एक पानी से भरे आहर में हुआ। मृतकों की पहचान हुसैनचक गांव निवासी पिंटू सिंह के पुत्र अभिजीत कुमार (14) और प्रियांशु कुमार (13) के रूप में हुई है।

बुधवार की सुबह अभिजीत और प्रयांशु अपने घर के समीप खेतों में चल रही धान रोपनी देखने गए थे। इसी दौरान छोटा भाई प्रियांशु आहर के किनारे नहाने चला गया।

पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। यह देखकर बड़ा भाई अभिजीत उसे बचाने के लिए पानी में कूद पड़ा। लेकिन गहराई अधिक होने के कारण वह भी पानी के तेज बहाव में फंस गया और दोनों डूब गए।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग दौड़े और कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को पानी से बाहर निकाला। गंभीर हालत में उन्हें स्वजन तुरंत नौबतपुर रेफरल अस्पताल ले गए।

प्राथमिक उपचार के बाद डाक्टरों ने दोनों को बेहतर इलाज के लिए पटना एम्स रेफर कर दिया। एम्स में इलाज के दौरान दोनों भाइयों ने दम तोड़ दिया।

दो बेटों के एक साथ निधन होने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घर में चीख-पुकार मच गई। घटना की सूचना पर पुलिस भी अस्पताल पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

गांव में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने वर्षा के मौसम में बच्चों को तालाब और आहर से दूर रखने की अपील की है।

यह भी पढ़ें- पटना में भारी उपद्रव के बाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 500 अज्ञात पर FIR और 40 हिरासत में; Youtubers भी रडार पर