NationalVotersDay: पटना के दीघा में सबसे अधिक तो फतुहा में सबसे कम मतदाता
आज नेशनल वोटर डे है। राजधानी की बात करें तो जिले के 14 विधानसभा क्षेत्रों में सबसे अधिक मतदाता दीघा विधानसभा क्षेत्र में हैं।
पटना, जेएनएन। चुनाव, वोटर, मतदान, नेता और जनता। ये कुछ एेसे शब्द हैं जिनका जिक्र बिहार में होना लाजिमी है। आज नेशनल वोटर डे है। राजधानी की बात करें तो जिले के 14 विधानसभा क्षेत्रों में सबसे अधिक मतदाता दीघा विधानसभा क्षेत्र में हैं। यहां संख्या चार लाख 44 हजार 994 है। दूसरे स्थान पर कुम्हरार विधानसभा क्षेत्र में चार लाख 19 हजार 737 तथा तीसरे स्थान पर बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र है, जहां तीन लाख आठ हजार 774 मतदाता हैं।
सबसे कम मतदाता वाला विधानसभा क्षेत्र फतुहा है। यहां दो लाख 63 हजार 835 मतदाता हैं। नीचे से दूसरे स्थान पर मोकामा क्षेत्र है। यहां दो लाख 65 हजार 313 मतदाता हैं। दो लाख 69 हजार 950 मतदाताओं के साथ बाढ़ विधानसभा क्षेत्र नीचे से ही तीसरे स्थान पर है।
जिले में 45.77 लाख मतदाता
पटना जिले में मतदाताओं की संख्या 45 लाख 77 हजार 234 है। इसमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 24 लाख 7 हजार 832 तथा महिला मतदताओं की संख्या 21 लाख 69,249 है।
पटना जिले में लिंगानुपात प्रति एक हजार पुरुष पर 901 महिलाएं हैं। जिले में थर्ड जेंडर मतदाताओं की संख्या 162 है।
हर बूथ भवनों में आज मन रहा मतदाता दिवस
राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर शनिवार को हर बूथ भवनों में मतदाता दिवस मनाया जा रहा है। मतदाताओं को शपथ दिलाई जा रही है। मुख्य समारोह अधिवेशन भवन में होना है। मतदाताओं को वोट के अधिकार से अवगत कराया जा रहा है। इसका शुभारंभ मुख्य सचिव दीपक कुमार करेंगे तथा अध्यक्षता मुख्य निर्वाचन पदाधिकरी एचआर श्रीनिवास करेंगे। मुख्य सचिव पहली बार मतदाता बनने वालों के बीच वोटर कार्ड का वितरण भी करेंगे।
तीन डीएम किए जाएंगे सम्मानित
पटना, सारण और नवादा जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी मुख्य कार्यक्रम में सम्मानित किए जाएंगे। लोकसभा चुनाव में बेहतर कार्य के लिए मुख्य सचिव इन्हें सम्मानित करेंगे।
एक जनवरी 2020 को हो गए हैं 18 वर्ष के हो गए तो भरें फॉर्म सिक्स
यदि आपकी उम्र एक जनवरी 2020 को 18 वर्ष हो गई तो मतदाता सूची में नाम जुड़वा सकते हैं। फिलहाल मतदाता सूची के अंतिम प्रकाश के बाद नाम जुड़ेगा।
यह भी जानें
- नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म छह भरें
- पता बदलने के लिए फार्म आठ-ए भरें
- मतदाता सूची के किसी विवरण में संशोधन के लिए फॉर्म आठ भरें।
- नाम हटवाने और जुडऩे पर आपत्ति के लिए फॉर्म सात भरें।