अशोक राजपथ पर निकला नगर कीर्तन
अशोक राजपथ पर निकला तीन किलोमीटर लंबा नगर कीर्तन।
पटना सिटी। सिखों के दसवें गुरु श्री गुरु गोविद सिंह के 353 वें प्रकाशोत्सव पर तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब से पांचवें दिन बुधवार को निकली प्रभातफेरी अशोक राजपथ होते गुरु का बाग पहुंची। दस दिनों तक अहले सुबह निकाली जाने वाली प्रभातफेरी का समापन 31 दिसंबर को निकलने वाली बड़ी प्रभातफेरी से होगा। दो जनवरी को गायघाट से नगर कीर्तन निकलेगा। मुख्य समारोह तथा प्रकाशोत्सव दो जनवरी को तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब में मनाया जाएगा।
-वाहो-वाहो गोविद सिंह..से गूंजा शहर
बुधवार की सुबह लगभग पांच बजे तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब से प्रभातफेरी अशोक राजपथ पर निकली। प्रभातफेरी में आगे-आगे पंच प्यारे चल रहे थे। पंज-प्यारे के पीछे सिख श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते चल रहे थे। इस दौरान प्रभातफेरी में शामिल भजन गायक वाहो-वाहो गोविद सिंह, आपे गुरु चेला.., राम का नाम जपो..,तुम हो सब राजन के राजा.., मेहरबान भयो मेहरबान.. से मुख्य मार्ग गूंजायमान किया। प्रभात फेरी झाउगंज, चमडोरिया, हाजीगंज, पूरब दरवाजा, मारूफगंज मोड़, मालसलामी, भठ्ठी पर होते गुरु का बाग सुबह 6:30 बजे पहुंची। गुरु का बाग में पंज-प्यारों का स्वागत किया गया। दरबार साहिब में बैठे संगतों ने दशमेश गुरु के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। पंज-प्यारों तथा संगतों ने पंगत में बैठकर लंगर छके। गुरु का बाग गुरुद्वारा में दर्शन कर प्रभात फेरी अशोक राजपथ मार्ग से लंगूर गली होते वापस तख्त श्री हरिमंदिर जी पहुंची। प्रभात फेरी में प्रेम सिंह, तेजेंद्र सिंह बग्गा, इंद्रजीत सिंह बग्गा समेत अन्य सिख श्रद्धालु शामिल थे। गुरुवार को तख्त साहिब से निकली प्रभातफेरी हांडी साहिब गुरुद्वारा दानापुर जाएगी।