विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कचरे से कमाई और हुनर से पहचान: राष्ट्रपति से सम्मानित बबीता की पहल से आत्मनिर्भर बन रहीं महिलाएं

Published: Sun, 29 Nov 2026 08:17 PM (IST)

मुजफ्फरपुर की बबीता गुप्ता बेकार प्लास्टिक से आकर्षक उत्पाद बनाकर पर्यावरण संरक्षण कर रही हैं और सैकड़ों महिलाओं को आत्मनिर्भर बना रही हैं। उनकी इस पहल को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 'स्वच्छ सुजल शक्ति सम्मान-2023' से सम्मानित किया है।

News Article Hero Image

HighLights

  1. बबीता गुप्ता बेकार प्लास्टिक से आकर्षक उत्पाद बनाती हैं।

  2. सैकड़ों महिलाओं को प्लास्टिक कचरा प्रबंधन का प्रशिक्षण दिया।

  3. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 'स्वच्छ सुजल शक्ति सम्मान' दिया।

डिजिटल डेस्‍क, पटना, मुजफ्फरपुर। पर्यावरण के लिए प्लास्टिक का बढ़ता इस्तेमाल एक गंभीर समस्या बनता जा रहा है। प्लास्टिक कचरे का सही प्रबंधन पर्यावरण संरक्षण के लिए बेहद जरूरी है। इस दिशा में बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के सीहो गांव की रहने वाली बबीता गुप्ता एक सराहनीय पहल कर रही हैं। उन्होंने बेकार प्लास्टिक को अपनी मेहनत और हुनर से रोजगार का जरिया बना दिया है। आज वह प्लास्टिक कचरे से आकर्षक फूल, बैग, पर्स, टोकरियां, पेंडेंट और सजावट के अन्य सामान तैयार कर रही हैं। उनकी इस पहल से न केवल प्लास्टिक कचरे का सदुपयोग हो रहा है, बल्कि कई महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने का अवसर भी मिल रहा है।

बबीता गुप्ता जीविका स्वयं सहायता समूह की सक्रिय सदस्य हैं। उन्होंने अपने हुनर को केवल खुद तक सीमित नहीं रखा, बल्कि दूसरी महिलाओं को भी इससे जोड़ने का काम किया है। अब तक बबीता गुप्ता 200 से अधिक महिलाओं को प्रशिक्षित कर चुकी हैं और 1,000 के करीब महिलाएं इस पहल से जुड़ चुकी हैं।

इनमें से कई महिलाएं घर से ही सामान तैयार कर परिवार की जिम्मेदारियां निभाने के साथ आमदनी भी कर रही हैं। बबीता की यह पहल महिला सशक्तीकरण और पर्यावरण संरक्षण की एक अच्छी मिसाल बन गई है।

संघर्षों से शुरू हुआ आत्मनिर्भरता का सफर

वर्ष 2010 में उनके पति राजेश शाह के एक्सीडेंट हो जाने के बाद बबीता गुप्ता के परिवार में चार बच्चों की जिम्मेदारी और इलाज पर बढ़ते खर्च के कारण आर्थिक स्थिति बेहद खराब हो गई। परिवार का खर्च चलाने के लिए बबीता ने लाख की चूड़ियां बेचने का काम शुरू किया। इसके लिए उन्हें गांव-गांव घूमना पड़ता था।

वर्ष 2012 में बबीता जीविका स्वयं सहायता समूह से जुड़ीं। समूह के माध्यम से उन्हें छोटे ऋण मिले। इस आर्थिक मदद से उन्होंने एक छोटी राशन की दुकान शुरू की, जिससे परिवार की आर्थिक स्थिति में सुधार हुआ। इसी दौरान उन्होंने अपने हुनर और मेहनत से कुछ अलग करने के बारे में सोचना शुरू किया।

प्लास्टिक कचरे को बनाया कमाई का जरिया

गांवों और कस्बों में बढ़ते प्लास्टिक कचरे की समस्या को देखते हुए बबीता ने बेकार प्लास्टिक से सजावटी सामान बनाने का प्रयोग शुरू किया। उन्होंने प्लास्टिक कचरे को नए रूप में इस्तेमाल कर आकर्षक उत्पाद तैयार किए। धीरे-धीरे लोगों को उनके बनाए सामान पसंद आने लगे और उनकी मांग भी बढ़ने लगी। इस तरह उनका छोटा-सा प्रयोग एक सफल रोजगार के रूप में आगे बढ़ने लगा।

वर्ष 2020 में वर्ल्ड विजन की ओर से उन्हें तकनीकी प्रशिक्षण और सहयोग मिला। इससे उनके काम में और निखार आया। साथ ही, प्रदर्शनियों और मेलों के माध्यम से उनके उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने में मदद मिली।

इसके बाद बबीता स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत मुजफ्फरपुर के सकरा में स्थापित प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट (PWMU) से जुड़ गईं। इससे उन्हें सामान बनाने के लिए प्लास्टिक कचरे की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित हुई।

1,000 महिलाओं को दे रहीं प्रशिक्षण

बबीता ने अपने अनुभव और हुनर से दूसरी महिलाओं को भी जोड़ना शुरू किया। इलाके में प्रशिक्षण केंद्र स्थापित होने के बाद उन्होंने प्रशिक्षक के रूप में जिम्मेदारी संभाली। यहां वे महिलाओं को धागे, रंग और अलग-अलग डिजाइन की मदद से प्लास्टिक कचरे से उपयोगी और आकर्षक उत्पाद बनाना सिखाने लगीं। इस पहल से अब करीब 1,000 महिलाएं जुड़ी हुई हैं। इनमें से कई महिलाएं घर पर रहकर ही उत्पाद तैयार करती हैं और अपनी सुविधानुसार काम करके आमदनी अर्जित कर रही हैं।

बबीता के बनाए उत्पादों को पटना में आयोजित कई बड़े कार्यक्रमों में प्रदर्शित किया जा चुका है। इनमें डिस्ट्रिक्ट एंटरप्रेन्योरशिप फेस्टिवल, यूथ फेस्टिवल, राजगीर फेस्टिवल और विश्व शौचालय दिवस-2022 जैसे आयोजन शामिल हैं। इन आयोजनों में उनके उत्पादों को सराहना मिली, जिससे उन्हें अपने काम को और आगे बढ़ाने की प्रेरणा मिली।

हर महीने 5 से 6 हजार रुपये तक की कमाई

बबीता गुप्ता के अनुसार, महिलाएं बेकार प्लास्टिक से कृत्रिम फूल, टोकरियां, बैग, पेंडेंट और सजावट के कई अन्य सामान तैयार कर रही हैं। इन उत्पादों की कीमत 200 से 500 रुपये तक होती है। इस काम से जुड़ी ज्यादातर महिलाएं हर महीने 5,000 से 6,000 रुपये तक कमा रही हैं। इससे उन्हें परिवार की आर्थिक जरूरतों को पूरा करने में मदद मिल रही है।

राष्ट्रपति से मिल चुका है सम्मान

प्लास्टिक कचरे के प्रबंधन, स्वच्छता और महिला सशक्तीकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए बबीता गुप्ता को राष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान मिली है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें 'स्वच्छ सुजल शक्ति सम्मान-2023' से सम्मानित किया था। यह सम्मान उन्हें स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण), जल जीवन मिशन और राष्ट्रीय जल मिशन की योजनाओं में उल्लेखनीय कार्य के लिए दिया गया। महिला दिवस के अवसर पर पेयजल एवं स्वच्छता विभाग, जल शक्ति मंत्रालय की ओर से आयोजित समारोह में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया।

बबीता गुप्ता की कहानी बताती है कि सही सोच, मेहनत और हुनर से किसी समस्या को भी अवसर में बदला जा सकता है। जिस प्लास्टिक को लोग बेकार समझकर फेंक देते हैं, उसी से वे न केवल अपनी आजीविका चला रही हैं, बल्कि दूसरी महिलाओं को भी रोजगार से जोड़ रही हैं। उनकी यह पहल पर्यावरण संरक्षण के साथ महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक प्रेरणादायक उदाहरण है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।