यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 14, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
पटना में चर्चित गायक ब्रज किशोर दुबे की संदिग्ध मौत, दोस्त के घर बाथरूम में मिला शव; बंधे हुए थे पैर
गायक ब्रज किशोर दुबे का उनके दोस्त के घर के बाथरूम में संदिग्ध अवस्था में शव मिला। पुलिस ने बताया ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, पटना: लोक संगीत बिहार के क्षेत्र में योगदान के लिए राष्ट्रपति द्वारा संगीत नाटक अकादमी अवार्ड से सम्मानित किए जा चुके 68 वर्षीय लोकगायक ब्रज किशोर का शव सोमवार को मिलने से सनसनी मच गई। पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र के केसरी नगर स्थित अजंता कालोनी में उनका शव उनके दोस्त द्वारा किराए पर लिए कमरे के बाथरूम में मिला। उनका सिर बाथरूम में पानी भरे टब में था और आधा शरीर कुर्सी पर था। उनका दोनों पैर तीन जगह गमछे से बंधा था। ब्रज किशोर मूल रूप से रोहतास जिला के रहने वाले थे, जो परिवार के साथ दीघा के पोल्सन मोड स्थित एलएच मेंसन अपार्टमेंट के दूसरे फ्लोर पर रहते थे। घटनास्थल पर उनकी बेटी मनीषा कुमार, पत्नी रामकुमारी देवी, दामाद मनिंद्र मिश्रा और छोटे बेटा भी पहुंचे थे। ब्रज किशोर लोक गायक होने के साथ ही गीतकार भी थे। बिहार बाबू, माई जैसे कई भोजपुरी फिल्मों के लिए उन्होंने गीत भी लिखा था। भोजपुरी अकादमी में सहायक निदेशक पद से सेवानिवृत्त हो गए थे। अकाशवाणी पटना से भी जुड़े थे।
सूचना मिलते ही पाटलिपुत्र थानेदार एसके शाही और डीएसपी ला एंड आर्डर कोतवाली संजय कुमार मौके पर पहुंच गए। एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया। करीब दो घंटे तक छानबीन के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। डीएसपी संजय कुमार ने बताया कि कमरे से एक सुसाइड नोट मिला है। शरीर पर कहीं जख्म के निशान नहीं मिले है। प्रथमदृष्टया मामला सुसाइड का प्रतीक हो रहा है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद भी स्पष्ट कुछ भी कहा जा सकता है। कई बिन्दुओं पर छानबीन की जा रही है। कुछ लोगों से पूछताछ भी किया जा रहा है।
सोनपुर गए थे दोस्त, मांग ली थी कमरे की चाबी
ब्रज किशोर की रविंद्र कुमार से सालों से जान पहचान थी। लोहा गेट के पास अजंता कालोनी में रविंद्र एक मकान की दूसरी मंजिल पर किराए का कमरा ले रखे हैं। उस कमरे में तीन चार साल से गायन, वादन, नृत्य आदि का प्रशिक्षण दिया जा रहा था। बताया जा रहा है कि रविंद्र की ड्यूटी सोनपुर मेला में लगी थी। ब्रज किशोर उनसे शनिवार को कमरे की चाबी मांग ली थी। रविवार दोपहर में ब्रज किशोर दीघा स्थित फ्लैट से खाना खाकर अजंता कालोनी स्थित मकान पर गए। स्वजन की मानें तो जब भी उन्हें कुछ लिखना पढ़ना होता था तो कई बाहर जाते थे। रविवार की रात वह घर नहीं लौटे। जब सुबह स्वजन उनके मोबाइल पर फोन किए तो बंद मिला। वाट्सऐप पर मैसेज भी किया गया, कोई जवाब नहीं मिला। तब स्वजन उनकी खोजबीन शुरू कर दिए और सोमवार दोपहर करीब तीन बजे अजंता कालोनी स्थित कमरे में पहुंचे। देखा कि उनका शव बाथरूप में पड़ा है।
दोनों टब में भरा था पानी, कुर्सी पर उल्टा था शरीर
घटनास्थल पर पहुंचे ब्रज किशोर के दामाद मनिंद्र ने बताया कि जिस तरह से उनके पैर को तीन चार जगह से बांधा गया था, उसकी गांठ को खाेलने में पुलिस को काफी समय लगा। कैसे कोई पैर बांधकर सुसाइड कर सकता है। जिस टब में उनका सिर था उसमें पानी भरा था। बगल के टब में भी पानी था। पैर भी कुर्सी के ऊपर था। वहीं पत्नी ने बताया कि वह रविवार दोपहर में रोटी सब्जी खाकर घर से गए थे। उनका मोबाइल कभी बंद नहीं रहता था। वह सुसाइड नहीं कर सकते हैं। वहीं पुलिस बता रही है कि सुसाइड नोट मिला है और प्रथमदृष्टया मामला सुसाइड का लग रहा है।
