विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 21, 2019 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

राजीव नगर में दिनदहाड़े युवक की गोली मारकर हत्या, प्रदर्शन व आगजनी

By JagranEdited By:
Published: Sun, 21 Jul 2019 08:35 PM (GMT+05:30)Updated: Mon, 22 Jul 2019 02:08 AM (GMT+05:30)

राजीव नगर थाना क्षेत्र के नेपालीनगर की चंद्र विहार कॉलोनी में रविवार की सुबह करीब नौ बजे एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई।

राजीव नगर में दिनदहाड़े युवक की गोली मारकर हत्या, प्रदर्शन व आगजनी
राजीव नगर में दिनदहाड़े युवक की गोली मारकर हत्या, प्रदर्शन व आगजनी

पटना। राजीव नगर थाना क्षेत्र के नेपालीनगर की चंद्र विहार कॉलोनी में रविवार की सुबह करीब नौ बजे सफारी गाड़ी में सवार बदमाशों ने 18 वर्षीय विशाल राय को दौड़ाकर गोली मार दी। सिर और पैर में दो गोलियां लगने से विशाल की मौत हो गई। सूचना मिलते ही राजीव नगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। उधर दिनदहाड़े हत्या के बाद स्थानीय लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। भीड़ ने एक दुकान में आग लगा दी। स्थिति बिगड़ती देख सिटी एसपी विनय तिवारी, डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर सहित तीन थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। बेकाबू भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। सिटी एसपी ने बताया कि हत्या के पीछे अभी तक पुरानी रंजिश की बात सामने आ रही। मृतक के चाचा के बयान पर पुलिस ने दर्जनभर लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जारही है।

कीचड़ में फंसते ही मारी गोली, फिर पानी में डुबोया

विशाल राय मूलरूप से शाहपुर थाना क्षेत्र का रहने वाला था। वह वर्तमान में राजीव नगर थाना क्षेत्र के दीघा-आशियाना रोड पर स्थित देव विहार कॉलोनी में रह रहा था। उसके पिता खटाल (गौशाला) चलाते हैं और विशाल ऑटो चलाता था। तीन भाइयों में बड़ा यही था। विशाल के चाचा विनोद यादव ने बताया कि सुबह करीब नौ बजे मुझे बताकर भतीजा विशाल नेपाली नगर निवासी अपने दोस्त प्रिंस कुमार के साथ बाइक से दीघा-आशियाना मुख्य मार्ग की ओर जा रहा था। तभी सफारी गाड़ी में सवार एक दर्जन बदमाशों ने उसे रोक लिया। बदमाशों ने हाथ में पिस्टल, लोहे का रॉड और चाकू ले रखा था। बदमाशों को देख विशाल व प्रिंस बाइक छोड़ चंद्र विहार कॉलोनी की तरफ भागे। इस दौरान वह कॉलोनी के दीपक दुबे के मकान के पीछे कीचड़ में फंस गया। उसे कीचड़ में फंसा देख एक बदमाश ने पैर में गोली मार दी। दूसरा बदमाश उसके पास पहुंचा और सिर को पानी में डुबोने लगा। फिर विशाल के सिर में एक गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। कॉलोनी में दिनदहाड़े फायरिग की आवाज सुन आसपास के लोग घरों से बाहर आए। तब तक सभी बदमाश गाड़ी में सवार हो फरार हो गए।

जिला पार्षद पति, बेटे सहित सहित अन्य पर दर्ज हुआ केस

विनोद का आरोप है कि नेपाली नगर निवासी सूरज सरकार, उत्तरी दानापुर की जिला पार्षद के पति माला राय, माला का बेटा गुरुदयाल व श्रीदयाल, विकास यादव, सुरेंद्र राय व उसका भाई मुकेश राय, हरिलाल, रंजन, भोला राय, बृजमोहन सहित दो अन्य लोगों ने मिलकर उनके भतीजे की हत्या कर दी। उन्होंने इन सभी लोगों के खिलाफ लिखित शिकायत की है। उन्होंने बताया कि बदमाश जिस सफारी गाड़ी को वारदात में इस्तेमाल किया, वह सफेद रंग की थी। गाड़ी के आगे नेम प्लेट पर उत्तरी दानापुर जिला पार्षद लिखा था। परिजनों ने बताया कि जिला पार्षद पति व उनके करीबी दबंग हैं। अब विनोद, रवि राय व प्रिंस पर भी जान का खतरा है। डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर डॉ. राकेश कुमार ने बताया कि माला राय सहित अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।

जिला पार्षद के घर पर तोड़फोड़, पूर्व में हुआ था विवाद

हत्या के बाद परिजनों के साथ स्थानीय लोगों ने सड़क पर प्रदर्शन किया। फिर जिला पार्षद माला राय के घर पर धावा बोल दिया। घर के बाहर खड़ी बाइक को क्षतिग्रस्त कर दिया और पथराव करने लगे। इसके साथ गेट को भी उखाड़ दिया। भीड़ ने उनकी जमीन पर बनी एक दुकान भी आग के हवाले कर दिया। सिटी एसपी, डीएसपी और तीन थानों की पुलिस ने करीब दो घंटे बाद स्थिति पर काबू पाया। सिटी एसपी ने बताया कि इलाके में पुलिस कैंप कर रही है। उधर, परिजनों को आरोप है कि तीन-चार दिन पूर्व माला राय की सफारी गाड़ी से विशाल की गाड़ी टकरा गई थी। दोनों में विवाद हुआ था। मृतक के चाचा विनोद ने बताया कि विवाद के बाद माला राय व बृजमोहन ने विशाल को जान से मार डालने की धमकी दी थी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।